हरियाणा के सीएम ने प्रदेश में उद्योग लगाने का किया आह्वान

भास्कर न्यूज | रामगढ़ लघु उद्योग भारती के तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक और उद्यमी सम्मेलन पूरे उत्साह और नए संकल्प के साथ सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल थे। सम्मेलन की अध्यक्षता केंद्रीय उद्योग मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने की। सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा में उद्योग लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश में उद्योगों के लिए सिंगल सिस्टम लागू है। सरकार उद्योगों के विकास के लिए हर संभव सहयोग कर रही है। उद्योग मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि लघु उद्योग अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। इसके विकास के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह तत्पर है। अधिवेशन के दौरान राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू और राष्ट्रीय महामंत्री ओम प्रकाश गुप्ता को सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया। साथ हीं पूरी राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन किया गया । राष्ट्रीय पालक पदाधिकारी डॉ. गोपाल कृष्ण ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा देश संस्कृति का संवाहक है। इसलिए हमें अपने उद्योग-व्यवसाय में भी संस्कारों का पालन करना होगा, तभी वास्तविक विकास संभव है। अधिवेशन से लौटकर लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष विजय मेवाड़ ने नव-नियुक्त अध्यक्ष मधुसूदन दादू और महामंत्री ओम प्रकाश गुप्ता को बधाई दी। उन्होंने जानकारी दी कि संगठन के सदस्यों की संख्या देशभर में 62 हजार पहुंच गई है, जो संगठन की प्रभावशीलता और उद्यमियों के लगाव को दर्शाती है। झारखंड प्रदेश से लगभग बीस उद्यमी सम्मेलन में शामिल हुए। झारखंड से संगठन के राष्ट्रीय सचिव सह बिहार प्रभारी इंद्र अग्रवाल ने कहा कि यह विश्व का सबसे बड़ा लघु उद्योग संगठन है। जो छोटे-छोटे उद्योगों के संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। प्रदेश महामंत्री बिनोद अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के सम्मेलन से उद्यमी सदस्यों में नई ऊर्जा का संचार होता है। मौके पर प्रांतीय कोषाध्यक्ष सरोज झा, निवर्तमान प्रांतीय अध्यक्ष विजय छापरिया, सरायकेला इकाई के अध्यक्ष विनोद शर्मा, विकास चंद्रा, राकेश अग्रवाल, पवन शर्मा, कृष्ण कुमार, सैकत घोष, अखिलेश नारायण सिंह, प्रकाश हेतमसरीया, अजय दधीच, अनिल गोयल सहित लघु उद्योग भारती के कई पदाधिकारी व उद्यमी शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *