जालंधर | फोकल पाइंट के पास शनिवार शाम 8 बजे के करीब एक 70 साल के बुजुर्ग के साथ 10 हजार रुपए की ठगी हो गई। बुजुर्ग को घटना का पता तब चला जब वह घर पहुंचे और पाया कि उनका एटीएम कार्ड बदला गया है। गदईपुर के सुखदेव सिंह ने बताया कि उनका बेटा और बेटी दूसरे राज्य में नौकरी करते हैं। शुक्रवार को बेटे ने उन्हें 10 हजार रुपए डाले थे। पैसे निकालने के लिए वह फोकल पाइंट के पास एटीएम में गए। वहां पहले से मौजूद एक व्यक्ति ने उनके पैसे निकालने की बात कही। सुखदेव सिंह ने कहा कि पहले तो उन्होंने इंकार कर दिया। लेकिन जब पैसे नहीं निकले तो एटीएम में खड़े व्यक्ति को पैसे निकालने के लिए कहा। उस व्यक्ति ने भी कहा कि मशीन सही से काम नहीं कर रही है। पिन भर कर देख लेते हैं। जब कार्ड डाला और पिन डाली तो पैसे नहीं निकले। इतने में उक्त व्यक्ति एटीएम से चला गया और वह भी घर आ गए। कुछ ही समय बाद मैसेज आया कि 10 हजार रुपए उनकी बैंक से निकल गए हैं। जब उन्होंने इस बारे में अपने पड़ोसी को बताया तो उन्होंने कहा कि ठग ने एटीएम कार्ड बदल दिया होगा। इसके बाद पड़ोसी की मदद से एटीएम कार्ड बंद करवाया और थाने में शिकायत दर्ज करवाई।


