सर्दी से होगा नए साल का आगमन, 5 तक जारी रहेगी शीतलहर, आज भी धुंध पड़ने के आसार

भास्कर न्यूज | होशियारपुर जिले में लगातार दो दिन हुई हल्की बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री का सुधार हुआ था, लेकिन पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंड ने जोर पकड़ लिया है। सोमवार को होशियारपुर का अधिकतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में अधिक ठंडा है। वहीं न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पिछले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास था, लेकिन अब इसमें 2 से 3 डिग्री की गिरावट शीतलहर की कहानी बयां कर रही है। होशियारपुर में सोमवार को 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शीत लहर चली। दोपहर तक सड़क पर विजिबिलिटी 500 मीटर से भी कम रही। सोमवार को पूरा दिन सूर्य कोहरे के बीच छुपे होने की वजह से लोगों को ठंड की मार झेलनी पड़ी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक ठंड का असर बढ़ेगा और कोहरा अपना रंग दिखाएगा। मौसम विभाग की तरफ से मंगलवार को पंजाब के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि घने कोहरे के साथ कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई है। बताया गया है कि मध्यम से घना कोहरा रह सकता है। वहीं हाईवे पर कोहरे में विजिबिलिटी करीब 500 मीटर रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी हो रही है जिसका असर पंजाब के मौसम पर पड़ रहा है। इस कारण आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट की उम्मीद है। होशियारपुर में मंगलवार को घना कोहर देखने को मिलेगा। इसके साथ ही कल 31 दिसंबर के दिन भी कड़ाके की सर्दी रहेगी। इसके बाद 1 जनवरी से 5 जनवरी तक शीतलहर जारी रहने के आसार हैं। सुबह 10 बजे टांडा बाईपास रोड पर पटेल नगर चौक में कोहरे के बीच गुजरते वाहन।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *