भास्कर न्यूज | बठिंडा जिला पुलिस ने हेरोइन की तस्करी करते एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। तस्करों के खिलाफ थाना कैनाल कालोनी व सिविल लाइन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सीआईए स्टाफ 2 के एएसआई हरमनजीत सिंह के मुताबिक पुलिस टीम बठिंडा-बरनाला नेशनल हाइवे पर स्थित होटल सफायर के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस टीम ने शक के आधार पर एक िदल्ली नंबर होंडा सिटी कार को रोककर उसमें सवार तीन युवकों से पूछताछ के बाद उनकी तलाशी ली, तो उनके पास से 35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान दीपक नंद निवासी विशाल नगर, सुरिंदर कुमार निवासी हरदेव नगर व राहुल मेहरा निवासी अमरीक सिंह रोड के तौर पर हुई। तीनों पर थाना सिविल लाइन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। थाना कैनाल कालोनी के एएसआई रघुवीर सिंह ने गश्त के दौरान जनता नगर से एक महिला समेत दो लोगों को 5 ग्राम हेरोइन समेत काबू किया है। रघुवीर सिंह के मुताबिक जनता नगर के पास एक सुनसान जगह पर दिनेश कुमार निवासी गोपाल नगर व आशा रानी निवासी जनता नगर खड़े होकर कुछ बातचीत कर रहे थे। पुलिस टीम को शक होने पर जब उनके पास जाकर उनकी तलाशी ली, तो उनके पास से 5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।


