कोडरमा| जिले के सतगावां प्रखंड अंतर्गत राजाबर में संचालित हेल्थ सब सेंटर में पदस्थापित एएनएम के विरुद्ध गर्भवती महिलाओं को कार्ड बनाने के अलावा प्रसव होने पर पैसे की नाजायज वसूली करने को लेकर उपायुक्त से शिकायत की गई है ।इस संबंध में उपायुक्त को दिए गए आवेदन में ग्रामीणों की ओर से कहा गया है कि राजाबर क्षेत्र में संचालित हेल्थ सब सेंटर में एएनएम के पद पर कार्यरत कुमारी रंजना वहां लगभग 18 से 20 वर्षों से कार्यरत है। एएनएम की ओर से गर्भवती माता की एमपीसी कार्ड बनाने के एवज में मनमानी तरीके से पैसे की नाजायज मांग की जाती है। साथ ही पैसा नहीं देने पर एएनएम की ओर से कार्ड नहीं बनाया जाता है। इसके अलावा ग्रामीणों ने उक्त एएनएम के विरुद्ध गर्भवती माता की जांच की विवरण कार्ड पर नहीं चढ़ाने और केंद्र में प्रसव होने पर छुट्टी प्रपत्र के एवज में 500 से 1000 रुपए तक की वसूली करने के आरोप लगाए गए हैं। पैसा नहीं देने पर छुट्टी प्रपत्र नहीं देने एवं जननी सुरक्षा योजना का भुगतान नहीं करने की गर्भवती महिला के परिजनों को धमकी दी जाती है। ग्रामीणों की ओर से उपायुक्त से एएनएम के ऊपर उचित कार्रवाई करने एवं उसके स्थान पर केंद्र में किसी दूसरे एएनएम की प्रतिनियुक्ति करने का अनुरोध किया गया है। आवेदन में रीतलाल यादव ,हरिशंकर प्रसाद, ननकू तुरिया, आनंदी यादव, माहेश्वरी यादव, सुजीत कुमार सहित कुछ अन्य के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों की ओर से दिए गए आवेदन को लेकर उपायुक्त की ओर से सिविल सर्जन को इसकी जांच का निर्देश दिया गया है।


