अमृतसर में एक चौंकाने वाली घटना घटी, जिसने मोहल्ले के लोगों को सकते में डाल दिया। “ताला खोल दूं?” की आवाज लगाता एक शातिर व्यक्ति घर में घुसा और ताला खोलने के बहाने लाखों के गहने चुराकर चंपत हो गया। घटना शहर के सुल्तान विंड रोड स्थित राम नगर की है। घटना की शिकार बनीं सविता पुरी, जो गली नंबर, राम नगर, सुल्तान विंड रोड में अपने परिवार के साथ रहती हैं। उनके घर का लॉकर पिछले कुछ दिनों से नहीं खुल रहा था। दोपहर के समय जब वो रसोई में खाना बना रही थीं, तभी बाहर गली में ताला-चाबी बनाने वाले की आवाज सुनाई दी। उन्होंने अपने बेटे दानिश पुरी को उस व्यक्ति के साथ लॉकर खुलवाने के लिए ऊपर भेजा। पेचकस मंगवाने के बहाने भेजा, वारदात की
शातिर ठग ने कुछ देर तक लॉकर से छेड़छाड़ की और फिर पेचकस मंगवाने के बहाने दानिश को नीचे भेज दिया। मौका मिलते ही उसने लॉकर खोल लिया और उसमें रखे लगभग 8 तोले के सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। फिर लॉकर को बंद कर वापस वही चालाकी से “ताला खोलने” का नाटक करता रहा। थोड़ी देर बाद वह बाहर से दूसरी चाबियां लाने का बहाना बना कर रफूचक्कर हो गया। परिवार ने तुरंत थाना बी डिवीजन, अमृतसर में इस घटना की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद भय का माहौल है। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि फेरीवालों और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी बढ़ाई जाए।


