जीएसटी से राहत:त्योहारी सीजन में मकान खरीदने वालों को 30 लाख का फ्लैट-मकान लेने पर बचेंगे 1.50 लाख तक

त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ही जीएसटी में 22 सितंबर से बड़ा बदलाव हो रहा है। इसकी वजह से बिल्डिंग मटेरियल सस्ते हो जाएंगे। सीमेंट 10 तो सरिया भी चार फीसदी तक सस्ता होगा। इसका सीधा असर मकानों की कीमत पर पड़ेगा। रियल एस्टेट कारोबारियों का दावा है​ कि मकान-फ्लैट की कीमत में 4 से 5 फीसदी तक की कमी आएगी। 30 लाख तक का मकान लेने या बनाने पर 1.50 लाख तक बचेंगे। यही वजह कि अभी मकानों की खरीदी-बिक्री के ज्यादातर सौदे 22 सितंबर के बाद करने की तारीख तय की जा रही है। रजिस्ट्री कराने वाले भी 22 सिंतबर के बाद का ही ऑनलाइन अपॉइंटमेंट ले रहे हैं। इस वजह से अभी रायपुर दफ्तर में रजिस्ट्री भी कम हो रही है। 22 के बाद वाले सभी स्लाॅट फुल हो गए हैं। जीएसटी को रिफॉर्म करने के बाद सीमेंट पर लगने वाले 28 प्रतिशत जीएसटी को 18 फीसदी किया गया है। इससे बाजार में सीमेंट की कीमत प्रति बोरी 25 से 30 रुपए तक कम होगी। घर बनाने में एक बड़ा खर्चा सीमेंट का भी होता है। इसके अलावा घर बनाने लिए कई तरह के कच्चे माल में जीएसटी कम कर दिया गया है। इससे भी मकान बनाने के खर्च में 25 से 30 फीसदी तक असर होगा। घरों में लगने वाले पेवर ब्लॉक, रेत-चूने की ईंटों पर भी जीएसटी 12 से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अलावा टाइल्स और ग्रेनाइट में भी जीएसटी कम हो गया है। यानी अब 20 से 40 लाख रुपए तक मकान और फ्लैट खरीदने वालों को 2 लाख से ज्यादा की बचत होगी। इतना ही नहीं जो लोग जमीन खरीदकर खुद मकान बनाएंगे तो उनकी बचत 6 से 7 लाख रुपए तक की हो सकती है। रियल एस्टेट के कारोबार में त्योहारी सीजन का बड़ा असर
रियल एस्टेट के कारोबार पर आने वाले त्योहारी सीजन का भी बड़ा असर होगा। 22 से नवरात्रि फिर दशहरा और दिवाली में इस कारोबार में जबरदस्त बूम आने का दावा किया जा रहा है। सालभर के मकानों की बिक्री का 30 से 40 फीसदी की खरीदी-बिक्री इसी सीजन में होती है। ऐसे में जीएसटी से मिलने वाली बड़ी राहत की वजह से इस साल यह कारोबार बहुत ज्यादा होने की संभावना जताई जा रही है। यही वजह है कि बिल्डरों और प्रमोटरों ने अभी से लोगों को अपने प्रोजेक्ट की जानकारी देने के लिए प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है। लोगों को मकान-फ्लैट की कीमत कम होने की जानकारी देने के साथ ही उन्हें इसकी खरीदी पर बड़े ऑफर भी दिए जा रहे हैं। लोगों ने भी इनकी इंक्वायरी तेज कर दी है। ऐसे में इस साल रियल एस्टेट का कारोबार पिछले कई साल के रिकार्ड को भी तोड़ सकता है। लंबे समय तक असर
^ जीएसटी में बड़े बदलाव से हर वर्ग के लोगों को फायदा होगा। इतना ही नहीं इसका असर लंबे समय तक रहेगा। लोगों के लिए प्रॉपर्टी खरीदना आसान होगा क्योंकि कीमतों पर भी असर होगा। रियल एस्टेट का कारोबार हर हाल में बढ़ेगा।
पंकज लाहोटी, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ क्रेडाई

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *