भास्कर न्यूज | पटियाला साल 2025 का जश्न मनाने के लिए शहर में जोर-शोर की तैयारी है। शहर के होटल, रेस्टोरेंट, पब- बार संचालक 31 दिसंबर की रात को यादगार बनाने के लिए म्यूजिक, लाइट और लजीज फूड की तैयारी में जुटे हैं। होटलों में विशेष तैयारी की जा रही है। कई होटलों में 10 जनवरी तक लोगों को 10 से 15 फीसदी की छूट भी दी जा रही है। इसकी वजह से पटियाला के 70% होटल में बुकिंग फुल हो चुकी है। शहर के होटल शौर्य, इकबाल इन, जिमखाना क्लब, पटियाला क्लब, होटल क्लेरियन सहित छोटे बड़े रेस्टोरेंट्स में विशेष आयोजन किया जा रहा है। वहीं सड़कों पर किसी भी तरह की हुल्लड़बाजी से आम लोग परेशान न हो, इसको ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस ने संबंधित थाना पुलिस को अपने-अपने एरिया में नाकाबंदी करने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं। पुलिस मुलाजिमों को नाकों पर तैनात रहने के अलावा पेट्रोलिंग पर भी रहेंगे। अगर कोई व्यक्ति कानून के खिलाफ जाकर हुल्लड़बाजी करता हुआ मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हुड़दंगियांे पर नजर रखने के लिए करीब 6 जगह नाकेबंदी की जाएगी और 400 के लगभग पुलिस मुलाजिम तैनात रहेंगे। पटियाला | पंजाब पुलिस द्वारा जारी नए साल की एडवाइजरी का पोस्टर पंजाब पुलिस ने नए साल 2025 को लेकर एडवाइजरी जारी की है। जिसके तहत पटियाला पुलिस के सोशल मीडिया पेज पर भी पोस्ट सांझा की गई। डाली की पोस्ट अनुसार इस नए साल में सुरक्षित रहें, शराब पीकर गाड़ी न चलाएं और पार्टियों में हथियार न ले जाएं। पार्टी में जागरूक रहें और सड़कों को सुरक्षित रखने के लिए कम उम्र के बच्चों को गाड़ी चलाने से रोकें। यदि कोई आपके उत्सव में खलल डालता है, तो 112 पर कॉल करें—हम सहायता के लिए हाजिर हैं। पुलिस ने लोगों से नए साल के जश्न के दौरान किसी तरह का हुड़दंग न मचाने को कहा है। 31 दिसंबर की रात को होटल मोंटेज में सूफी गायक मानक अली की विशेष नाइट का आयोजन किया गया है। होटल के मालिक मनविंदर गोल्डी बताते हैं कि इस मौके पर अनलिमिटेड सॉफ्ट एंड हार्ड ड्रिंक और अनलिमिटेड वेज ओर नोन वेज फूड सर्व किया जाएगा। पटियाला राजपुरा रोड पर होटल उत्तम में 31 दिसंबर की रात को लाइव बैंड एंड डीजे पार्टी, न्यू लीला भवन रोड पर सब्रस रेस्टोरेंट में वेलकम 2025 इन स्टाइल कार्यक्रम रखा गया है। पटियाला राजपुरा रोड पर होटल इकबाल इन में 31 की रात को बॉलीवुड नाइट म्यूजिक कार्यक्रम है । दैविक फार्म में 31 की रात 7 से न्यू ईयर 2025 म्यूजिकल पार्टी रखी गई है जिसमें रशियन बेली डांस, फायर शो और लाइव ढोल शो रखा है।


