हनुमानगढ़ की भादरा पुलिस ने चोरी के एक मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी किए गए गहने बरामद कर लिए हैं। 20 अगस्त को हुई चोरी की शिकायत ओमप्रकाश ने 22 अगस्त को पुलिस थाना भादरा में दर्ज कराई थी। चोर उनके घर से सोने-चांदी के गहने और 32 हजार रुपए नकद ले गए थे। चोरी हुए सामान में दो जोड़ी सोने की बालियां, एक गले की ताबीज, एक लॉकेट और एक गलसरी थी। इसके अलावा दो अंगूठियां और चांदी की पायजेब व बिछिया भी शामिल थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी और पुलिस उप अधीक्षक संजीव कटेवा के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। थानाधिकारी हनुमानाराम विश्नोई के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। एएसआई राजेंद्र सिंह की टीम ने मानवीय और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने डुगराना के संजय मेघवाल (29), दीपक सोनी (23) और संदीप कुमार मेघवाल (32) को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम में राजेंद्र सिंह, जगदीश हैड कॉन्स्टेबल, सुभाष कॉन्स्टेबल, मदन कॉन्स्टेबल और सुनील कॉन्स्टेबल शामिल थे। इस मामले को सुलझाने में कॉन्स्टेबल सुभाष की अहम भूमिका रही।


