बसेड़ी के गांव भारली में महिला को भूत-प्रेत का असर बताकर भोपा ने उसकी कोड़ों से पिटाई की। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो में दिख रहा है कि भोपा महिला को बेरहमी से पीट रहा है। इस दौरान आसपास खड़े लोग भैरव बाबा के जयकारे लगा रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बसेड़ी थाना प्रभारी बृजेश मीणा ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी भोपा बंटी पुत्र रनवीर को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि महिला से मारपीट और अंधविश्वास फैलाने की पुष्टि होती है, तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि वे अंधविश्वास और झाड़-फूंक जैसी कुप्रथाओं से दूर रहें। उन्होंने कहा कि मानसिक या शारीरिक समस्या होने पर डॉक्टरों से इलाज कराएं। ग्रामीण इलाकों में शिक्षा के अभाव के कारण भोपा जैसे लोग महिलाओं को निशाना बनाते हैं। इससे महिलाओं का न केवल शारीरिक शोषण होता है, बल्कि उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा भी प्रभावित होती है। कंटेंट- अंकित गर्ग, बसेड़ी


