राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) ने एडहॉक कमेटी के वरिष्ठ सदस्य धनंजय सिंह खींवसर को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। खींवसर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की 28 सितंबर को मुंबई में आयोजित साधारण सभा (AGM) में आरसीए का प्रतिनिधित्व करेंगे। पहले भी कर चुके राजस्थान का प्रतिनिधित्व इससे पहले भी धनंजय सिंह खींवसर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की AGM में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। जनवरी 2025 में हुए सचिव और कोषाध्यक्ष चुनावों में भी उन्होंने वोट किया था। क्रिकेट प्रशासन में उनकी सक्रिय भूमिका और कार्यशैली के चलते यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। धनंजय सिंह लगातार राजस्थान क्रिकेट में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। मुंबई में होने वाली इस अहम बैठक में बीसीसीआई अध्यक्ष और आईपीएल चेयरमैन समेत कई प्रमुख पदों के चुनाव होंगे। ऐसे में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के भविष्य को लेकर भी यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। पिछले साल मार्च में RCA एडहॉक कमेटी के गठन के बाद से खींवसर को सरकार ने कई बार दोहराते हुए जिम्मेदारी दी है। ऐसे में उनकी सीनियरिटी और सक्रियता को देखते हुए एक बार फिर उन्हें AGM में भेजा जा रहा है। एजीएम में कई मुद्दों पर होगी चर्चा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली एजीएम में राजस्थान क्रिकेट के भविष्य, संगठनात्मक सुधार और संरचनात्मक मजबूती जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है। इसके फैसले आने वाले वक्त में राजस्थान क्रिकेट और खिलाड़ियों के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।


