सीएम के कार्यक्रम में जा रहे स्टूडेंट की मौत:ट्रक पीछे से टक्कर मारकर ऊपर से गुजरा,12 वीं कक्षा में पढ़ता था स्टूडेंट

सीकर के दादिया थाना इलाके में आज 12वीं कक्षा के स्टूडेंट की बाइक को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक स्टूडेंट के ऊपर से गुजर गया। जिससे स्टूडेंट की मौत हो गई। स्टूडेंट सीकर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आ रहा था। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना आज सीकर के दादिया थाना इलाके में हरदयालपुरा पेट्रोल पंप के पास की है। पलासिया गांव का रहने वाला मानस मूंड(17) पुत्र सुरेंद्र मूंड बाइक लेकर सीकर आ रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मारी। इसके बाद वह ट्रक उसके ऊपर से गुजर गया। सूचना मिलने पर दादिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जहां से शव को सीकर के एसके अस्पताल में लाया गया। मृतक मानस के चाचा अशोक का कहना है कि रोजाना स्कूल बस मानस को लेने के लिए आई थी। लेकिन आज स्कूल प्रबंधन द्वारा कहा गया था कि स्टूडेंट्स को खुद के स्तर पर ही स्कूल पहुंचना है। जहां से उन्हें मुख्यमंत्री द्वारा नशा मुक्ति शपथ दिलवाने के कार्यक्रम में ले जाया जाएगा। ऐसे में सुबह मानस अपनी बाइक लेकर घर से निकला था। इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। मानस की उम्र करीब 17 साल 6 महीने हैं। वह सीकर शहर के ही एक प्राइवेट स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। मानस के माता और पिता दोनों ही खेती का काम करते हैं। मानस के एक छोटा भाई है जो भी अभी स्कूल में पढ़ाई करता है। परिजनों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन की लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *