बांसवाड़ा जिले में कांग्रेस पार्टी ने ‘वोट चोर कुर्सी छोड़’ अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत घाटोल और पीपलखूंट ब्लॉक कांग्रेस की बैठकें आयोजित की गई हैं। बैठक में जिला अध्यक्ष रमेश पंड्या, विधायक नानालाल निनामा, प्रधान हरकु देवी, देवीलाल निनामा, मंडल अध्यक्ष संजय घाटलिया, परमेश्वर नायक, गौतम राणा, नागेंद्र सिंह सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। विधानसभा प्रभारी राकेश रेखराज मेवाड़ा ने कहा- अगर बैलट पेपर से चुनाव होते हैं तो वोट चोरी रुक सकती है। मेवाड़ा ने कहा कि यह अभियान नहीं मिशन है और भाजपा सरकार के खिलाफ जनजागरण का काम करेगा। विधायक नानालाल निनामा ने कहा कि जब प्रेस कॉन्फ्रेंस चुनाव आयोग को लेकर हो रही है, सवाल चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे हैं तो जवाब भाजपा वाले क्यों दे रहे हैं। मतलब कुछ तो गोल मोल है, नहीं तो जब सवाल या आरोप इन पर नहीं लगाए तो जवाब ये क्यों दे रहे हैं। उन्होंने कहा- आज चुनाव करवाए तो भाजपा की सीटें तो दूर खुद मुख्यमंत्री की जमानत जप्त हो जाएं, ऐसे हाल हैं। नरेगा में लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा हैं, मेट कारीगरों को दो- दो साल पहले काम किया, उसका पैसा अब तक नहीं मिला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नेमीकुमार जैन ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आने वाले समय में यह अभियान जन आंदोलन का रूप लेगा और कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाएगा। मंडल अध्यक्ष संजय घाटलिया ने अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचा कर पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वे इस अभियान को अपने बूथ, वार्ड, पंचायत और गांव स्तर तक ले जाएं। बैठक में देवेंद्र घाटलिया, पुष्पेंद्र निनामा, दिनेश निनामा, जेतेगभाई, सोनल, मोहनलाल सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


