नारायणा हॉस्पिटल और अक्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को दुर्गापुरा स्थित द फर्न होटल में एक विशेष स्वास्थ्य परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. इंदिरा सरीन (कंसल्टेंट – यूरोगायनेकोलॉजी) रहीं। उन्होंने महिलाओं से जुड़ी यूरोलॉजिकल समस्याओं जैसे बार-बार पेशाब आना, तनावजन्य असंयम और पेल्विक फ्लोर विकारों पर विस्तार से जानकारी दी। डॉ. सरीन ने बताया कि इन समस्याओं की समय पर पहचान और आधुनिक उपचार पद्धतियों से समाधान संभव है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य सीधे परिवार की खुशहाली से जुड़ा है, इसलिए समय रहते जागरूक होना बेहद जरूरी है। इस कार्यक्रम में जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। परिचर्चा के बाद आयोजित सहभोज में प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद किया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाया। आयोजन को सफल बनाने में बलविंदर सिंह वालिया (फैसिलिटी डायरेक्टर), अनिता माथुर (डायरेक्टर एवं संस्थापक – अक्स फाउंडेशन) और विकास शर्मा का विशेष योगदान रहा। आयोजन की सहयोगी कंपनी के रूप में परहित इवेंट्स को नामित किया गया। प्रतिभागियों ने इस पहल को समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने वाला कदम बताया और आयोजकों से ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रखने की अपील की।


