भास्कर न्यूज | गिरिडीह अखिल विश्व गायत्री परिवार गिरिडीह के तत्वावधान में चल रहे हर गांव यज्ञ अभियान के अंतर्गत रविवार को चार विभिन्न स्थलों पर गायत्री महायज्ञ का आयोजन कुरूमडीहा,बिरनी के तुलाडीह,बजरंगबली मंदिर गुरहा और गांडेय के शिव मंदिर महेशमुंडा में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शामिल परिजनों ने गायत्री मंत्र जप, मंत्र लेखन और गायत्री चालीसा पाठ करने का संकल्प लिया। चारों स्थलों पर कुल लगभग 125 परिजनों ने सहभागिता करते हुए अपने हाथों से गायत्री मंत्रों और वैदिक ऋचाओं के माध्यम से यज्ञ भगवान को आहुतियाँ समर्पित कीं। यज्ञ का उद्देश्य मानव मात्र के उज्ज्वल भविष्य, शांति और मंगलमय जीवन की कामना करना रहा। कार्यक्रम के दौरान 5 मिनट का सामूहिक जप कर समस्त मानव समाज के कल्याण की प्रार्थना की गई। इसके अतिरिक्त सभी को शांतिकुंज हरिद्वार से आ रही अखंड ज्योति रथयात्रा और परम वंदनीया माताजी के जन्म शताब्दी समारोह की विस्तृत जानकारी भी दी गई। यज्ञ के उपरांत घोषणा की गई कि अगला साप्ताहिक कार्यक्रम बाघमारा में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने में राजेश कुमार राम, भवानी प्रसाद वर्मा, राजकुमार, दशरथ महतो, सहदेव महतो, चिन्ना देवी, बैजनाथ प्रसाद वर्मा, विशेश्वर साव, विश्वनाथ पंडित सहित अनेक भाइयों-बहनों का सक्रिय योगदान रहा।


