नववर्ष पर शहर में पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने परकोटे में मुख्य मार्गों से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। डीसीपी ट्रैफिक सागर राणा ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक बड़ी चौपड़ से आमेर तक वन-वे रहेगा। आमेर से आने वाले वाहनों को दिल्ली रोड स्थित आमेर तिराहा से डायवर्ट कर दिया जाएगा। इसी तरह सुभाष चौक से बड़ी चौपड़ आने वाले यातायात को 4 दरवाजा, घोड़ा निकास रोड, रामगंज चौपड़ से बड़ी चौपड़, घाटगेट, गलता गेट की तरफ निकालेंगे। रामगढ़ मोड़ से बड़ी चौपड़ की तरफ से आने वाले यातायात को रामगढ़ मोड़ से धोबीघाट, दिल्ली बाईपास, गलता गेट व टीपी नगर से जाएगा। चारदीवारी क्षेत्र में अजमेरी गेट, न्यू गेट, सांगानेरी गेट, घाटगेट, गलता गेट, रामगढ़ मोड़, संजय सर्किल से मिनी बसों का प्रवेश बंद रहेगा। बांदरवाल गेट से प्रवेश करने वाले वाहन नगर परिषद की मोरी, जनानी ड्योडी, सार्दुल सिंह की नाल व गणगौरी बाजार की तरफ जा सकेंगे। पर्यटक बसों को चारदीवारी में सांगानेरी गेट से प्रवेश रहेगा एवं निकास रामगढ़ मोड की तरफ से रहेगा।


