छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में नाबालिग छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने के बहाने छात्राओं से छेड़खानी करता था। यह मामला सिमगा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, देवलाल साहू (52) शिक्षक है। वह बनसांकरा का रहने वाला है। वह स्कूल छात्राओं से छेड़छाड़ करता था। जिसकी शिकायत छात्राओं ने थाने में की थी। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को शिक्षक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 74 के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 9(G), 10, 11, 12(VI) और 12 के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। उन्होंने अभिभावकों से इस तरह की किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया है।


