अंबिकापुर | सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत भफौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक प्रभावशाली स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने किया, वहीं सांसद चिंतामणि महाराज ने श्रमदान में भाग लेकर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया। भाजपा मंडल परसा, महामाया, समलाया समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र और मंदिर परिसर की सफाई, गड्ढों की मरम्मत, घास-झाड़ियों की सफाई, भवन की पुताई और ध्वजारोहण जैसे कार्यों को सामूहिक प्रयासों से पूरा किया। सांसद चिंतामणि महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा पखवाड़े को समाज और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य निभाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बताया।


