रीवा का संजय गांधी अस्पताल में एक महिला को डिलीवरी की तारीख देने के तीन दिन बाद सोनोग्राफी के लिए बुलाया गया है। डॉक्टर ने महिला को 23 दिसंबर की डिलीवरी की डेट दी है वहीं सोनोग्राफी के लिए 26 दिसंबर को बुलाया है। महिला के पति का कहना है कि वह तीन दिनों से लगातार अस्पताल में चक्कर काट रहा है। पत्नी को लाकर अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। गर्भावस्था का 9वां महीना चल रहा है। कोई सुनने वाला नहीं है। महिला के पति प्रेम तिवारी ने बताया कि मेरी गर्भवती पत्नी किरण तिवारी की डिलीवरी 23 तारीख को होनी है। जबकि सोनोग्राफी के लिए पर्ची में 26 दिसंबर की तारीख दे दी गई है। पत्नी को समस्या ज्यादा हो रही है इसलिए सोनोग्राफी करवाना चाहते थे, लेकिन कोई इलाज नहीं हो रहा है। मरीज को दिक्कत है जबकि डॉक्टर बोल रहे हैं कि कोई विशेष दिक्कत नहीं है। अब बाहर सोनोग्राफी करवाने के लिए पत्नी को ले जाने की सोच रहा हूं। लेकिन उसकी खराब हालत की वजह से ले जाना भी मुश्किल है। पूरे मामले में संजय गांधी अस्पताल के डीन सुनील अग्रवाल का कहना है कि सोनोग्राफी की सेवा इमरजेंसी के लिए 24 घंटे खुली रहती है। मेरे संज्ञान में अभी तक ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है। किसी भी पेशेंट को सोनोग्राफी के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है।


