हनुमानगढ़ के वार्ड 44 में आवारा और पालतू कुत्तों की समस्या गंभीर हो गई है। कुत्ते राहगीरों के पीछे भागते हैं और उन्हें काटते हैं। हाल ही में एक कुत्ते ने एक बच्चे को काट लिया। इस घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासी कृष्ण मुरारी पांडे ने बताया कि उनका भतीजा गोपाल पांडे दोस्तों के साथ खेलने गया था। इस दौरान मोहल्ले में रहने वाली एक महिला का पालतू कुत्ता उस पर हमलावर हो गया। कुत्ते ने बच्चे के हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों को काट लिया। पांडे ने बताया कि यह कुत्ता पहले भी कई लोगों को काट चुका है। यह आते-जाते लोगों के पीछे भागता है। मोहल्ले में इस तरह के कई आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं। डर के कारण बच्चे अकेले घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। बड़े भी घर से निकलने में असुरक्षित महसूस करते हैं। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों को डर है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।


