कोटा में पार्वती नदी में 4 दोस्त बहे:टोंक में तालाब में डूबने से बच्चे की मौत, राजस्थान के 9 जिलों में बारिश का अलर्ट

कोटा में पार्वती नदी में 4 दोस्त बह गए। एक का शव मिल गया, तीन की तलाश जारी है। ये तीन अन्य दोस्तों के साथ नहाने गए थे। हादसा सोमवार दोपहर इटावा क्षेत्र में छूवारी धाम के पास हुआ। सूचना पर इटावा DSP शिवम जोशी मौके पर पहुंचे। कोटा से SDRF टीम को बुलाया और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने आयुष गुर्जर (16) का शव बरामद कर लिया। सोनू सुमन (17), मोहित सुमन (18), अशफाक (17) की तलाश जारी है। उधर, टोंक के निवाई में तालाब में डूबने से 12 साल के बच्चे की मौत हो गई। निवाई के वार्ड 1 निवासी प्रिंस पुत्र टीकम सैनी रविवार शाम से लापता था। सोमवार दोपहर घर के पास स्थित तालाब किनारे बच्चे की चप्पल और कपड़े मिलने पर शक हुआ। सूचना पर निवाई थाना अधिकारी समेत SDRF की टीम मौके पर पहुंची। 15 मिनट में रेस्क्यू कर प्रिंस को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, राजस्थान के दक्षिणी हिस्सों में मानसून की बारिश का दौर जारी है। रविवार (21 सितंबर) को उदयपुर, राजसमंद, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, झालावाड़ के एरिया में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे ज्यादा करीब 2 इंच बरसात उदयपुर जिले में हुई। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में वेस्टर्न विंड का प्रभाव बढ़ने से दिन और रात का टेम्प्रेचर बढ़ने लगा है। रविवार को श्रीगंगानगर में दिन ​का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने राज्य के 9 जिलों में आज (सोमवार) और 8 जिलों में कल (मंगलवार) बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। 24 सितंबर से पूरे प्रदेश में मौसम ड्राय होने का अनुमान जताया है। उदयपुर में दो-तीन दिन से बारिश का दौर
पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा बरसात उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पर 46MM दर्ज हुई। उदयपुर में पिछले 2-3 दिन से बारिश हो रही है। यहां आज और कल भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। उदयपुर के अलावा 21 सितंबर को प्रतापगढ़ के दलोत में 12MM, सलूंबर के पास लसाड़िया में 6, झालावाड़ के पचपहाड़ में 7MM बरसात दर्ज हुई। इसके अलावा राजसमंद, डूंगरपुर के एरिया में भी हल्की बारिश हुई। उत्तरी राजस्थान में बढ़ने लगा पारा
पश्चिमी राजस्थान के साथ अब उत्तरी राजस्थान के सीकर, झुंझुनूं, अलवर, जयपुर में भी माैसम ड्राय होने से तापमान बढ़ने लगा है। इन शहरों में अब दिन में गर्मी थोड़ी तेज होने लगी। कल दिन में सबसे ज्यादा गर्मी श्रीगंगानगर जिले में रही। चूरू में रविवार को अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 37.3, फलोदी में 37.4, जैसलमेर में 37.8, बाड़मेर में 36.8, जोधपुर, चित्तौड़गढ़ में 35-35, पिलानी में 38.3, जयपुर, अलवर में 36.6, वनस्थली (टोंक) में 35.8, अजमेर में 34.8, सीकर में 35.5, कोटा में 34.7, उदयपुर में 32.2, नागौर में 35.2, फतेहपुर में 37.2, करौली में 36.5, दौसा में 36.2, हनुमानगढ़ में 37.4 और बारां में 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *