जयपुर में जमीन नामांतरण के एवज में 50 लाख रुपए की घूस मांगने वाले पटवारी की भष्ट्राचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) टीम तलाश कर रही है। एसीबी पूछताछ में पकड़े गए दलाल ने लालच में आकर पटवारी के कहने पर रिश्वत की रकम लेने आना स्वीकार किया है। रिश्वतखोर पटवारी ने प्लॉट दिलाने का लालच देकर दलाली के लिए उसे तैयार किया था। पटवारी की ओर से परिवादी पर रिश्वत देने का दबाव बनाया जाता था। धमकाता था कि फाइल रोककर बैठ गया तो निकलेगी नहीं। एसीबी टीम फरार घूसखोर पटवारी की तलाश में दबिश दे रही है। एएसपी (एसीबी) संदीप सारस्वत ने बताया- रिश्वत के मामले में आरोपी पटवारी नरेन्द्र मीणा निवासी हाथोज कालवाड़ की तलाश की जा रही है। घूस लेने के दौरान पकड़े गए दलाल विकास शर्मा से भी फरार पटवारी के बारे में जानकारी जुटाई गई। एसीबी कार्रवाई की भनक लगने पर रिश्वतखोर पटवारी नरेन्द्र मीणा फरार हो गया। गिरफ्तार दलाल से पूछताछ में सामने आया है कि पटवारी नरेन्द्र मीणा पिछले करीब 3.6 साल से कालवाड़ लगा हुआ है। कालवाड़ क्षेत्र का पटवारी होने के कारण नरेन्द्र मीणा से वह कॉन्टैक्ट में आया था। पैसे लेने के लिए किया तैयार पूछताछ में दलाल विकास शर्मा ने बताया- पटवारी नरेन्द्र मीणा ने उसे एक व्यक्ति से रुपए आने के बारे में बताया था। कालवाड़ रोड पर स्थित एक जमीन का नामांतरण खोलने की एवज में 30 लाख रुपए रिश्वत के आने के बारे में बताया गया था। पटवारी नरेन्द्र मीणा ने विकास पर रुपए लेकर उस तक पहुंचाने की कहा। मना करने पर विकास को अपनी बातों में उलझाकर समझाकर काम के लिए राजी किया। पटवारी ने कहा- नामांतरण खोलने के बाद 10 बीघा जमीन में उसका मालिक प्लॉटिंग करेंगा। उसी जमीन में औने-पौने दाम में प्लॉट दिलाने का लालच दिया। प्लॉट के लालच में फांसकर उसे रुपए लेने भेजा। पटवारी एक गाड़ी में बैठकर आस-पास ही घूम रहा था। प्लॉट के लालच में आकर रिश्वत के रुपए लेते ही एसीबी ने धर-दबोचा। परिवादी को रुपए देने के लिए धमकाया एसीबी को परिवादी ने बताया- पटवारी नरेन्द्र मीणा रिश्वत की रकम देने के लिए लगातार धमका रहा था। नामांतरण की फाइल पटवारी नरेन्द्र मीणा के पास आते ही उसने कॉन्टैक्ट किया। बातचीत के दौरान जल्द से जल्द नामांतरण खोलने के एवज में रुपए की डिमांड शुरू कर दी। पिछले 5 दिन से वह जल्द से जल्द नामांतरण खुलवाने के एवज में 50 लाख रुपए देने की डिमांड कर रहा था। रिश्वत की रकम नहीं देने पर धमकाया- अगर फाइल रोक कर बैठ गया तो फिर कभी निकलेगी नहीं। स्टे ले आए तो काम अटक जाएगा, जल्द से जल्द इसे निपटा ले। एसीबी में शिकायत करने पर 30 लाख रुपए में फाइनल सौदा हुआ। ये भी पढ़ें… जयपुर में 30 लाख रिश्वत लेते पटवारी का दलाल गिरफ्तार:नामांतरण खोलने के एवज में 50 लाख रुपए मांगे, पटवारी फरार भष्ट्राचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने पटवारी के दलाल को 30 लाख रुपए रिश्वत लेते रविवार रात गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ट्रैप की आशंका के चलते आरोपी पटवारी नरेन्द्र मीणा नहीं आया। दलाल विकास को भेजा। (पूरी खबर पढ़ें)


