जीएसटी छूट के बाद नवरात्रि के पहले-दिन बाजारों में रौनक:जयपुर में व्यापारी बोलें- तीन हफ्तों से थी मंदी, त्योहारी रौनक की आज से हुई शुरुआत

22 सितंबर, सोमवार से नवरात्र की शुरुआत और जीएसटी में कटौती से जयपुर के बाजारों में त्योहारों सी रौनक रही। अन्य दिनों के मुकाबले बाजारों में चहल पहल ज्यादा रही। जहां पिछले दिनों बाजार में ग्राहकी कम थी, वहीं आज सुबह दुकान-शोरूम खुलने के साथ ही देर शाम तक बाजार ग्राहकों से त्योहार की तरह रोशन नजर आया। इससे व्यापारी भी खुश नजर आए। बाजारों में खाने पीने की चीजें, डेयरी प्रोडक्ट, कार, बाइक, टीवी के भावों में कमी से राहत मिली और लोगों ने जमकर खरीदारी की। इस दौरान लोगों ने वाहनों की जमकर बुकिंग हुई। जयपुर के मोती डूंगरी गणेश मंदिर में बड़ी संख्या में चौपहिया और दोपहिया वाहन खरीदने के बाद लोगों पूजा-अर्चना करवाने पहुंचे। जयपुर के प्रमुख बाजारों में जौहरी बाजार, बापू बाजार, इंद्रा बाजार, राजापार्क, विद्याधर नगर, झोटवाड़ा, मानसरोवर और सांगानेर सहित शहर के कई बाजारों में त्योहारों से रौनक रही। ग्रॉसरी मॉल पर दिखी त्योहार सी रौनक जयपुर के ग्रॉसरी मार्केट में नवरात्रों के पहले दिन जीएसटी कटौती के चलते बड़ी संख्या में ग्राहक खरीददारी के लिए पहुंचे। ऐसे में काउंटरों पर लाइन नजर आई। ग्राहकों ने रोजमर्रा के सामन पर कीमतों में गिरावट पर खुशी जाहिर की। हालांकि कई दुकानों, मॉल और रेस्त्रां में जीएसटी दर कटौती से मिलने वाले लाभ की सूची चस्पा नहीं की गई है। हालांकि कुछ जगह बाजार इस कटौती को ग्राहकों को आकर्षित करने के बड़े मौके के रूप में इसे डिस्पले भी किया गया। घर का सामान खरीदने जगतपुरा निवासी सुरेंद्र कुमार ने बताया- बिस्किट की दरों में गिरावट आई है। जहां जो बिस्किट का पैकेट 10 रुपए का खरीदते थे वे अब 8रुपए से 9 रुपए में मिल रही है। वहीं जिस बिस्किट की कीमत 76 या 80 रुपए थी, वह 5 से 6 रुपए सस्ता हो गया है। वहीं पनीर 77 या उससे ज्यादा का था उसमें 5 रुपए की गिरावट आई है। जीएसटी की कटौती से खरीददारी भी बढ़ी है।त्योहार की शुरुआत से ही बाजारों में रौनक बढ़ी है। मोती डूंगरी गणेश मंदिर पर बड़ी संख्या में पूजा के लिए पहुंचे चोपहियां-दोपहिया वाहन जीएसटी कटौती से दोपहिया वाहन से लेकर कार के दामों में कमी आई है। छोटी और बड़ी कारों को बनाने वाली कंपनी खासकर मारुति, टाटा मोटर्स, टोयोटा और हुंडई मोटर्स ने अपनी कारों की कीमत कम करने की घोषणा की है, जो आज से लागू हो गई। पिछले कई दिनों से बाजार में रौनक नहीं देखी जा रही थी लेकिन अब जीएसटी की नई दर के कारण ग्राहक दुकानों पर आने लगे हैं और गाड़ियां बुक होने लगी है। जयपुर में नए वाहनों को खरीदने के बाद लोग अपने परिवार के साथ मोती डूंगरी गणेश मंदिर पहुंचे। जहां नए वाहनों की पूजा अर्चना की गई। हजारों की संख्या में यहां दोपहिया और चौपहिया वाहनों की पूजा करवाई गई। स्कूटी खरीदने के बाद परिवार के साथ यहां पूजा करवाने आई हनी यादव ने बताया- वे कई दिनों से स्कूटी लेने का प्लान कर रही थी। ऐसे में जैसे ही जीएसटी छूट आज से लागू होने की जानकारी मिली तो नवरात्रि के पहले दिन ही अपनी पसंद की स्कूटी खरीदी है। उन्होंने बताया- जीएसटी छूट की वजह से पहले की कीमत से अब 7 से 8 हजार रुपए का डिफरेंस आ गया है। इलेक्ट्रॉनिक सामान के व्यापारी बोले- पिछले दो-तीन दिनों से थी मंदी, आज बाजार में त्योहार से रौनक जीएसटी में कटौती के बाद टीवी, फ्रीज, एसी के दाम में कमी देखी जा रही है। अलग-अलग मॉडल पर दाम के अनुसार लगने वाले जीएसटी की दरों में कटौती का लाभ, आम उपभोक्ता को मिलने लगा है। नवरात्रि के पहले दिन जयंती बाजार, राजापार्क सहित शहर के इलेक्ट्रॉनिक मार्केट और दुकानों, शोरूमों में सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की आवाजाही रही। टीवी व एसी में दस प्रतिशत की राहत मिली है। ऐसे में ग्राहक खुश है और व्यापारियों को भी कोई नुकसान नहीं है। इसका जीएसटी में इनपुट मिल जाएगा। कईयों ने खरीद कर ली और कईयों ने बुकिंग कराई है, ताकि आगामी दिनों में ले जा सके। इलेक्ट्रॉनिक आइटम विक्रेता मनमोहन पुरोहित ने बताया- पिछले तीन हफ्तों से सेल बिल्कुल डाउन हो गई थी। जब लोगों को जानकारी लगी थी कि जीएसटी कम होने वाली है। इसके चलते ग्राहकों ने भी अपने हाथ खिंच लिए थे, बाजार और स्टोर तक आना ही बंद हो गए थे। लेकिन आज नवरात्रि के पहले दिन जीएसटी कटौती के चलते बाजार में चमक आई है। उम्मीद है ये दिवाली तर रहेगी। खरीददारों को भी फायदा हो रहा है। जहां जीएसटी 28% था वह 18% हो गया। बता दें कि केन्द्र सरकार ने 3 सितंबर को GST में कटौती का ऐलान किया था, जो आज से लागू हो गई है। अब केवल दो स्लैब 5% और 18% GST लगेगा। GST काउंसिल की 56वीं मीटिंग में इस पर फैसला लिया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *