नवरात्रि में बगलामुखी मंदिर में पुजारी और पुलिस में विवाद:बेरीकेट्स से निकलने को लेकर कहासुनी, इधर, शक्ति पर्व का कार्यक्रम हुआ

आगर मालवा के प्रसिद्ध मां बगलामुखी माता मंदिर में नवरात्रि के पहले दिन पुजारी और पुलिस के बीच विवाद हो गया। प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण के लिए कुछ स्थानों पर बेरीकेड्स लगाए हैं। इसी दौरान मुख्य पुजारी परिवार के पंडित और पुलिस के बीच बेरीकेट्स से निकलने को लेकर विवाद हो गया। यह घटना श्रद्धालुओं के सामने करीब 30 मिनट तक चली। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात निरीक्षक अनिल मालवीय मौके पर पहुंचे। उन्होंने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में पंडित एकत्र हो गए। वे व्यवस्था में सुधार की मांग करने लगे। पंडितों का कहना था कि जो अधिकारी पुजारियों को नहीं पहचानते, उन्हें हटा देना चाहिए। वहीं निरीक्षक मालवीय ने बताया कि घटना से पहले एक व्यक्ति ने प्रतिबंधित क्षेत्र से प्रवेश किया। कर्मचारी के टोकने पर उसने उचित जवाब नहीं दिया। इसके बाद वहां से आवाजाही बंद कर दी गई थी। मंदिर में हजारों श्रद्धालु दर्शन, पूजन और हवन के लिए पहुंच रहे हैं। शक्ति पर्व में ऊंचा मंदिर बैठी मैया भजन गाया प्रदेश संस्कृति विभाग ने शारदीय नवरात्रि पर मां बगलामुखी माता मंदिर नलखेड़ा में शक्ति पर्व का आयोजन किया। सोमवार शाम 6:30 बजे से शुरू हुए इस प्रदेश स्तरीय महोत्सव में कलाकारों ने विभिन्न प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। आगर मालवा की रागिनी मालवीय ने कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने गणेश वंदना के साथ मां बगलामुखी और अंबे मां की स्तुति के भजन प्रस्तुत किए। भजनों में ‘ऊंचा मंदिर बैठी मैया’ और ‘जग की रखवाली करने वाली’ जैसे भक्तिगीत शामिल थे। नटराज अकादमी, भोपाल के कलाकारों ने मां दुर्गा के नौ रूपों पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। नाटिका में रक्तबीज वध की कथा को सेमी क्लासिकल और फ्री स्टाइल नृत्य के माध्यम से दर्शाया गया। कथा में मां काली द्वारा रक्तबीज का वध कर बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति इंदौर के संतोष अग्निहोत्री और उनके साथियों की रही। उन्होंने गणेश वंदना से लेकर शिव वंदना तक कई भक्तिगीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का समापन संगीतमय श्लोक और संकीर्तन के साथ हुआ। कार्यक्रम में एसडीएम सर्वेश यादव, एसडीओपी देव नारायण यादव, थाना प्रभारी नागेश यादव और नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *