घटिया और गंदगी से भरी फैक्ट्री में बन रहा तेल:हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम ने पहुंचकर सीज किया करीब दो हजार किलो तेल

बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र हेल्थ डिपोर्टमेंट की कार्रवाई में 1950 किलोग्राम तेल सीज किया गया। घटिया और गंदगी से भरी फैक्ट्री में बन रहे इस तेल के तीन अलग अलग नमूने लिए गए हैं, ताकि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जा सके। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त के निर्देश पर प्रदेश में चलाए जा रहे शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत रविवार को बीकानेर के बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में कार्रवाई की गई। सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, सुरेन्द्र कुमार एवं भानु प्रताप सिंह द्वारा बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में मैसर्स उद्योग मंदिर में ये कार्रवाई की। इस फर्म के निरीक्षण में तेल उत्पादन क्षेत्र में दीवारों पर धूल एवं जाले लगे हुए थे। कुछ जगह पर तेल लीक हो रहा था। उपकरणों पर चिकनाई जमी हुई थी, पक्षियों को रोकने के लिए कर्टेन नहीं लगे हुए थे, जिन्हें तुरंत दुरुस्त करने एवं साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए गए। कार्रवाई के दौरान रिफाइंड कॉटनसीड ऑयल, फिल्टर्ड ग्राउंडनट ऑयल तथा रिफाइंड ग्राउंडनट ऑयल के 3 नमूने लिए गए। इस कार्यवाही में नमूने लेने के पश्चात 1 हजार 950 किलोग्राम तेल को जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक सीज किया गया। जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार अग्रिम कारवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *