सिमडेगा | सिमडेगा जिले में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के 510 पदों पर भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। जिला प्रशासन ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन 24 अक्टूबर से 7 नवंबर 2025 तक जमा किए जा सकते हैं। गृह रक्षक पदों पर चयन स्वंयसेवी आधार पर किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को आवश्यकता अनुसार ड्यूटी पर प्रतिनियुक्त किया जाएगा और उन्हें कार्यदिवस के अनुसार सरकार द्वारा निर्धारित दर पर भत्ता प्रदान किया जाएगा। जिला होमगार्ड कमांडेंट चंदन कुमार तुरी ने बताया कि यह कोई नियमित वेतनभोगी सरकारी नौकरी नहीं है, बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए समर्पण का अवसर है। उन्होंने कहा कि यह सेवा भाव पर आधारित है। ऐसे युवा जो निःस्वार्थ भाव से देश की सेवा करना चाहते हैं, उनके लिए यह सुनहरा अवसर है। बताया गया कि अभ्यर्थियों का चयन शारीरिक दक्षता परीक्षा और लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न शर्तें निर्धारित किए गए हैं। प्रखंडवार रिक्त पद सिमडेगा में पुरुष के 17 व महिला के 17, कोलेबिरा पुरुष 13 महिला 13, बानो में पुरुष 8 व महिला के 8, जलडेगा में पुरुष के 9 व महिला के 10, ठेठईटांगर में पुरुष के 5 व महिला के 5, बोलबा में पुरुष के 20 व महिला के 21 पद हैं।


