भास्कर न्यूज | अमृतसर बीजेपी नेता तरुण चुघ ने निगम के सफाई अभियान की पोल खोलते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली है कि मंदिरों के बाहर कूड़ों का अंबार लगा हुआ है। सरकार की सफाई सिर्फ पोस्टरों में नजर आती है। चुघ ने 4 फोटोज पोस्ट किए हैं, जिसमें मंदिर परिसर के बाहर कूड़े का अंबार लगा हुआ है। पोस्ट शेयर होने के बाद लोगों ने भी सरकार को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया है। मेयर जतिंदर मोती भाटिया ने कहा कि अवर्डा ने काम छोड़ने का जो नोटिस दिया उससे पहले काम बंद कर दिया, निगम अफसर से लेकर जनप्रतिनिधि रात-दिन काम कर रहे हैं। कंपनी को पेनाल्टी भेजी जा चुकी है। जिस तरह का रवैया शहर में सफाई को लेकर रहा है, निगम एनओसी जारी नहीं करेगा। सारी चीजें क्लियर कराने के बाद ही अवर्डा की कोई सुनवाई होगी। मेयर ने कहा कि वह खुद रात-दिन सफाई कामों की मॉनिटरिंग कर रहे। निगम कमिश्नर से लेकर हेल्थ विभाग व अन्य अफसर खुद सफाई करवाने में जुटे हुए हैं। शक्तिनगर इलाके में आज गए थे और सड़कों से लेकर मंदिरों के आसपास की सफाई करवाई है। एक-दो दिनों में निगम की टीमें सारा कवर कर लेंगी। राजनीति चमकाने की बजाए सफाई में सहयोग देना चाहिए। हर किसी को पता है कि कोई कंपनी अचानक काम छोड़कर चली जाएगी तो मुश्किलें आती है।


