सवीना थाना पुलिस ने मकान विवाद में मामा मोहम्मद अनीज रजा पर गोली चलाने वाले हिस्ट्रीशीटर फरदीन उर्फ गांजा और उसके भाई आदतन अपराधी अरदीन उर्फ लाला को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी अजयसिंह राव ने बताया कि दोनों को रेलवे स्टेशन के नमन होटल से पकड़ा गया। इन पर पहले मारपीट, हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे मामले दर्ज हैं। पुलिस को धक्का देकर भागा तो गिरने पर पैर टूटा
थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस जब आरोपी फरदीन द्वारा घटना में उपयोग लिए गए हथियार की बरामदगी के लिए उसके बताए स्थान पर लेकर गई तो वह पुलिस को सुनसान जगह पर को ले गया। वहां पुलिस जवानों को धक्का देकर भागने लगा। पुलिस को धक्का देकर भागने की कोशिश में फरदीन का दाहिना पैर टूट गया। मकान पर कब्जा करने को लेकर की थी मामा पर फायरिंग
थानाधिकारी ने बताया कि मामला 14 सितंबर 2025 का है, जब मोहम्मद अनीज ने थाने में शिकायत दर्ज की। अनीज ने बताया कि रात 10 बजे वह बरकत कॉलोनी लौट रहे थे और रास्ते में अपने पुराने घर (विजयसिंह पथिक नगर) गए। वहां ताला टूटा मिला और उनके भांजे फरदीन व अरदीन मौजूद थे। दोनों ने मकान पर कब्जा करने की बात कही और अनीज को धमकाया। फरदीन ने पिस्टल निकालकर अपने मामा अनीज पर फायर कर दिया। मामा ने बचने की कोशिश की लेकिन गोली कमर में लगी। तभी जान बचाकर भागे तो फरदीन ने एक और फायर कर दिया। फिर परिजनों ने घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया।


