नशीली-दवाओं की बिक्री का विरोध करने वाले युवकों पर हमला:आरोपियों ने लोहे की रॉड से पीटा, चेन और रुपए लूटे

हनुमानगढ़ में पड़ोसियों का नशीले पदार्थ बेचने पर विरोध करना दो दोस्तों को महंगा पड़ गया। इससे नाराज नशीले पदार्थ बेचने वालों ने बाइक पर घर लौट रहे दोनों दोस्तों पर लोहे की रॉड व डण्डों से लैस होकर हमला कर दिया और चोटें मारी। चेन-रुपए छीनकर ले गए और पुलिस में शिकायत करने पर जिंदा नहीं छोड़ने की धमकी दी। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस संबंध में सदर पुलिस थाना में तीन नामजद व पांच-सात अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार सुरजीत सिंह (51) पुत्र जगतार सिंह निवासी वार्ड दो, डबलीबास मौलवी ने रिपोर्ट पेश की कि उन्हीं के मोहल्ले में रहने वाला सुखविन्द्र सिंह उसके पुत्र अशोक सिंह का दोस्त है। उसके पड़ोस में रहने वाले मंगू पुत्र जरनैल सिंह, भजन सिंह पुत्र सोहन सिंह, राजू पुत्र भगत सिंह नशीली गोलियां, चिट्टा, गांजा आदि बेचने का काम करते हैं। उसके पुत्र अशोक व सुखविन्द्र ने इन लोगों को नशीले पदार्थ बेचने से काफी बार मना किया था और नहीं मानने पर पुलिस उच्चाधिकारियों को शिकायत करने की चेतावनी दी थी। इसी बात की रंजिश को लेकर यह लोग उसके पुत्र के दोस्त सुखविन्द्र सिंह को पिछले कुछ दिनों से लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे। रविवार को सुखविन्द्र को इन लोगों ने फिर धमकी दी कि तेरा दोस्त अशोक हमसे डरकर यहां से चला गया है। उसके आते ही तुम दोनों को जान से मारेंगे। उसका पुत्र अशोक रविवार को अपनी बहन को दवाई दिलवाने सूरतगढ़ गया हुआ था। शाम करीब पांच बजे उसके पुत्र अशोक ने डबलीराठान के मुख्य बस स्टैंड पर बस से उतरते ही अपने दोस्त सुखविन्द्र को फोन कर कहा कि वह उसे बाइक पर आकर यहां से ले जाए। इसके बाद सुखविन्द्र उसके पुत्र अशोक को बस स्टैंड से अपनी बाइक पर बैठाकर घर के लिए रवाना हुआ। रास्ते में मंगू, भजन सिंह व राजू के अलावा 5-7 अन्य जने गुरुद्वारा के पास राजू के घर के अंदर लोहे की रॉड व डण्डों से लैस होकर छुपकर घात लगाए बैठे थे। अशोक व सुखविन्द्र जब गुरुदारा व राजू के घर के पास पहुंचे तो इन लोगों ने अचानक अशोक व सुखविन्द्र को रास्ते में रोक लिया और जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड व डण्डों से हमला कर दिया। अशोक व सुखविन्द्र ने शोर मचाया। शोर सुनकर उसकी पत्नी छिन्द्रपाल कौर, सुखविन्द्र की माता परमजीत कौर व पिता तोता सिंह, पड़ोस में रहने वाले मेजर सिंह व कश्मीर सिंह आदि लोग भागकर मौके पर पहुंचे तो देखा कि यह लोग अशोक व सुखविन्द्र पर लोहे की रॉड व डण्डों से वार कर रहे थे। इससे अशोक व सुखविन्द्र के गम्भीर चोटें लगी। अशोक की नाक की हड्डी टूट गई और सिर में भी चोट आई। सुखविन्द्र के सिर, पीठ व लातों पर गम्भीर चोटें आईं। हमलावरों ने सुखविन्द्र का स्मार्टफोन व बाइक भी तोड़ दी। मौके पर आई भीड़ को देखकर हमलावर भाग गए और जाते-जाते अशोक के गले से चांदी की चेन व अशोक की जेब से तीन सौ रुपए छीनकर ले गए। साथ ही हमलावरों ने धमकी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की तो इस बार तो बच गए लेकिन अगली बार जिंदा नहीं छोड़ेंगे। हमलावरों के चले जाने के बाद उसकी पत्नी व मौके पर मौजूद लोगों ने अशोक व सुखविन्द्र को डबलीराठान के राजकीय अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां से प्राथमिक उपचार कर दोनों को हनुमानगढ़ टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच डबलीराठान चौकी प्रभारी एएसआई कुलदीप मीना को सौंपी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *