अमृतसर में छेहरटा हमीदपुरा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते 6 लोगों ने मिलकर एक युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक सतनाम सिंह को तुरंत इलाज के लिए गुरु नानक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सतनाम सिंह ने बताया कि करीब 2 महीने पहले उसकी स्कूटी की टक्कर नारायणगढ़ निवासी डिंपल की कार से हो गई थी। उस समय दोनों में बहस हुई थी, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया था। सतनाम का कहना है कि डिंपल ने इस बात की रंजिश अब तक नहीं छोड़ी। गुरुवार को हुआ था हमला पीड़ित ने बताया कि बीते गुरुवार रात करीब 10 बजे जब वह इंडिया गेट बाइपास से अपनी एक्टिवा पर घर जा रहा था, तब डिंपल, मनजीत सिंह, सक्तर सिंह, जसबीर सिंह जस्स और दो अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर, माथे और नाक की हड्डी में गंभीर चोटें आईं हैं। परिजन बोले- 5 दिन बीते, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई घटना की जानकारी मिलने पर इलाके के लोगों और परिवार वालों ने सतनाम को अस्पताल पहुंचाया और खालसा चौकी पुलिस को सूचना दी। शिकायत दर्ज करवा दी गई है, लेकिन पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना को पांच दिन बीत चुके हैं और पुलिस ने अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं की है, न ही आरोपियों के बयान दर्ज किए हैं। मामले की जांच कर रही पुलिस उधर, पुलिस अधिकारी जसविंदर सिंह का कहना है कि हम पीड़ित के घर गए थे, मगर उस दिन वह अस्पताल में एडमिट था। शिकायत मिल चुकी है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।


