पाकुड़ जिला मुख्यालय स्थित एक्सिस बैंक में मंगलवार को एक वाटर स्नेक मिलने से हड़कंप मच गया। अंबेडकर चौक के पास स्थित बैंक के बाथरूम में एक कर्मचारी को सांप दिखा। इसकी सूचना तुरंत बैंक मैनेजर को दी गई। मैनेजर ने वन विभाग को सूचित किया। वन विभाग के सर्प मित्र असराफुल शेख मौके पर पहुंचे। उन्होंने बाथरूम से वाटर स्नेक का सुरक्षित रेस्क्यू किया। जांच में पाया गया कि सांप के शरीर पर कुछ हल्की चोटें थीं। मेंढक, छोटी मछलियों का शिकार करता सर्पमित्र ने बताया कि वाटर स्नेक आमतौर पर तालाब में रहते हैं। मछली पकड़ने के जाल से इन्हें चोट लग जाती है। यह सांप जहरीला नहीं होता। यह तालाब में और बाहर मेंढक, छोटी मछलियों का शिकार करता है। कभी-कभी तालाब के पास के घरों में भी आ जाता है, लेकिन इससे डरने की जरूरत नहीं है। सर्प मित्र ने सांप के जख्मों का इलाज किया और उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।


