चाय की बात पर मंगलवार को बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। खरनाल जा रहे श्रद्धालुओं की बस में डंडों से तोड़फोड़ की, खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। इससे सवारियों में मौजूद महिलाएं और बच्चे घबरा गए, जिससे चीख पुकार मच गई। घटना नागौर- जोधपुर नेशनल हाईवे स्थित कृष्णा गोशाला के सामने सुबह करीब 11 बजे हुई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें डरी हुई सवारियां और बेखौफ हमला करते बदमाश साफ दिखाई दे रहे हैं। मामले में फिलहाल 14 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी घटना को लेकर एक्स पर पोस्ट शेयर की, जिसमें आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पहले देखिए… घटना की तस्वीरें थानाधिकारी बोले- कर्मचारी को यात्री थप्पड़ मार कर भागा, इसके बाद तोड़फोड़ की
सदर थानाधिकारी सुरेश कस्वां ने बताया- कृष्णा गोशाला पर फ्री में चाय पिलाई जाती है। आज सुबह भी वहां चाय के लिए लाइन लगी हुई थी। सुबह क तभी एक प्राइवेट बस में से एक यात्री नीचे उतरा और उसने लाइन से अलग जाकर गोशाला कर्मचारी से चाय जल्दी देने की मांग की। गोशाला कर्मचारी ने उसे लाइन में आने के लिए कहा, तो दोनों के बीच तनातनी बढ़ गई। इस बीच कर्मचारी को थप्पड़ मारकर यात्री बस में चढ़ गया और बस रवाना होकर चली गई। इसी बीच सवारियों से भरी दूसरी बस आई। गोशाला कर्मचारी ने इसी बस को यात्री की बस समझा और गोशाला स्टाफ ने बस पर हमला कर दिया। बस के शीशे तोड़े, चीख-पुकार मची
गोशाला स्टाफ ने लाठी- डंडों से बस की खिड़कियों और गेट पर वार किए। इससे शीशे टूट गए। सवारियों में चीख-पुकार मच गई। बच्चे और महिलाएं डर गई। बुजुर्ग समेत अन्य लोग भी दहशत में आ गए। थानाधिकारी के अनुसार- बस में बैठे यात्री श्रीडूंगरगढ़ के निवासी थे और जुंजाला धाम व खरनाल दर्शन के लिए जा रहे थे। लेकिन अचानक हुए हमले में सभी डर गए।


