शिक्षा विभाग में हुए प्रिंसिपल्स के तबादलों को लेकर पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- इन तबादलों में जाति विशेष को भी टारगेट किया गया है। मेरे यहां से 60 से 65 प्रिंसिपल्स के तबादले किए गए हैं। सभी का इसलिए ट्रांसफर किया गया है, क्योंकि यह गोविंद सिंह डोटासरा के लगाए हुए हैं। ऐसी राजनीतिक दुर्भावना मैंने अपने जीवन में आज तक नहीं देखी। राजनीतिक द्वेषता के चलते किया ट्रांसफर- डोटासरा डोटासरा ने कहा कि मदन दिलावर से इससे ज्यादा क्या अपेक्षा की जा सकती थी। मेरे लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र से 2019 के बाद में सभी प्रिंसिपलों के तबादले राजनीतिक द्वेषता के चलते कर दिए गए। सभी प्रिंसिपल्स को बाड़मेर, जालोर, सिरोही भेज दिया गया और जो वहां थे उन्हें प्रताड़ित करके यहां लगा दिया। अब दोनों जगह काम नहीं होंगे। यहां और वहां वाले प्रिंसिपल्स मन से काम नहीं कर पाएंगे। बीजेपी का सफाया करने में लगे दिलावर- डोटासरा डोटासरा ने कहा- दिलावर साहब को भारतीय जनता पार्टी कैसे सहन कर रही है, यह तो मेरी समझ के बाहर है। लेकिन, दिलावर बीजेपी का सफाया करने के लिए जनता को उकसाने का काम कर रहा है। दिलावर ने दिखाई राजनीतिक द्वेषता- डोटासरा डोटासरा ने कहा- शिक्षा विभाग ने यह तबादले यह मानते हुए किए हैं कि ये प्रिंसिपल्स डोटासरा के प्रिंसिपल्स थे। इसलिए इनका तबादला कर दो। मदन दिलावर ने जो राजनीतिक द्वेषता दिखाई है, मुख्यमंत्री को इसका संज्ञान लेना चाहिए। क्योंकि, कर्मचारी किसी का नहीं होता, अपने काम का होता है। जो बाहर पढ़ाते हैं, किसी का बेटा, बेटी या बहु, अगर उन्हें ट्रांसफर करवाकर लाएं तो समझ में आता है। आप लाइए तबादला करवाकर, आपकी सरकार है। लेकिन इसलिए मत लाइए कि यह कांग्रेस के समय में लगाए हुए हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी में एबीवीपी की जीत पर डोटासरा का सीएम पर तंज दिल्ली यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव में हुई एबीवीपी की जीत पर डोटासरा ने सीएम भजनलाल शर्मा पर तंज कसा। डोटासरा ने कहा- सीएम का ट्विटर चलाने वाले ने टाइप कर दिया और बधाई दे दी। लेकिन, उन्हें पता ही नहीं, कौन कहां जीता, कौन हारा। वहीं, डोटासरा ने सीकर में हुए सीएम के दौरे पर भी निशाना साधा। डोटासरा ने कहा- सीएम 9वीं बार सीकर के दौरे पर आए, लेकिन मिला कुछ नहीं। सीएम सीकर आते हैं और धार्मिक भाषण देकर चले जाते हैं, उनसे और क्या उम्मीद की जा सकती है। शेखावत छात्रावास के लिए 20 लाख देने की घोषणा यह बातें गोविंद सिंह डोटासरा ने सीकर के प्रधानजी का जाव में आयोजित मेजर दलपत सिंह शेखावत के 107 वें बलिदान दिवस पर आयोजित वीरांगना सम्मान व पुरस्कार वितरण समारोह में मीडिया से बातचीत के दौरान कही। वहीं डोटासरा ने शेखावत छात्रावास के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। डोटासरा ने मंच से कहा कि मैंने शुरुआत कर दी है, अब जमीन देने का काम यूडीएच मंत्री का है। मुझे उम्मीद है कि झाबर सिंह खर्रा छात्रावास के लिए जमीन देने की घोषणा जरुर करेंगे।


