खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर किशोर कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सचिवालय में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नशीले पदार्थों की तस्करी, अफीम व गांजे की अवैध खेती, ट्रामाडोल-कोडिन आधारित खांसी की दवाओं का दुरुपयोग, भांग के वैध ठेकों पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम और एनडीपीएस अधिनियम से जुड़ी जागरूकता सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जिले में नशे की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करें। बैठक में अब तक की गई कार्यवाहियों की समीक्षा भी की गई। पुलिस ने 86.8 ग्राम चिट्टा पकड़ा भिवाड़ी पुलिस ने 1 जनवरी से अब तक 30.671 किलो गांजा, 418.92 ग्राम स्मैक, 86.8 ग्राम चिट्टा और 13.65 किलो डोडा चूरा जब्त किया है। वहीं खैरथल पुलिस ने 28.743 किलो गांजा पकड़ा और 170 मामलों में 148 आरोपियों को गिरफ्तार किया। भिवाड़ी पुलिस ने 223 मामलों में 212 लोगों को गिरफ्तार कर 1114 लीटर हथकड़, 2710.52 लीटर देसी शराब और 5.22 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की। आबकारी विभाग की कार्रवाई जिला कलेक्टर ने मेडिकल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोरेक्स कप सिरप जैसी दवाओं की अवैध बिक्री पर मेडिकल संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही, प्रत्येक सप्ताह कम से कम पांच मेडिकल दुकानों की संयुक्त टीम (एनसीबी, पुलिस और प्रशासन) से जांच कर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने आबकारी विभाग को भी भांग के ठेकों पर नियमों के उल्लंघन की स्थिति में तुरंत कदम उठाने के निर्देश दिए।


