अमृतसर के चर्चित पेपर आर्टिस्ट गुरप्रीत सिंह ने एक बार फिर अपनी कला से सबका अपनी ओर ध्यान खींचा है। उन्होंने 5 प्रमुख धार्मिक स्थलों के बारीक और आकर्षक मॉडल तैयार किए हैं, जो जल्द ही फिलीपींस के उर्दतिता सिटी में स्थापित होने वाले गुर शब्द प्रकाश गुरुद्वारे के सिख अजायब घर में सजाए जाएंगे। गुरप्रीत सिंह के बनाए गए मॉडलों में श्री दरबार साहिब अमृतसर, श्री ननकाना साहिब, श्री केसगढ़ साहिब, श्री दमदमा साहिब और छोटे साहिबजादियों के शहीदी स्थान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह पहली बार है कि अमृतसर से बने ऐतिहासिक मॉडल विदेश भेजे जा रहे हैं। उनका उद्देश्य युवाओं को सिख इतिहास से जोड़ना और विरासत की भावना को आगे बढ़ाना है, खासकर विदेशों में बसे नवयुवकों के लिए। गुरप्रीत सिंह ने बताया कि ये सभी मॉडल सॉलिड वुड फाइबर और ऑटोबेट सामग्री से तैयार किए गए हैं, जो न केवल मजबूत हैं बल्कि लाइव टाइम बेस्ड डिजाइन पर बनाए गए हैं। ये मॉडल सिर्फ अजायब घरों में ही नहीं, बल्कि नगर कीर्तन और अन्य धार्मिक आयोजनों में भी सजाए जा सकते हैं। 17 वर्ल्ड रिकॉर्ड और 7 नेशनल रिकॉर्ड दर्ज
गौरतलब है कि गुरप्रीत सिंह के नाम पर 17 वर्ल्ड रिकॉर्ड और 7 नेशनल रिकॉर्ड दर्ज हैं। इसी कला और उपलब्धियों के आधार पर कनाडा सरकार ने उन्हें डायरेक्ट PR (Permanent Residency) प्रदान किया था। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने दस पातशाहियों के जन्मस्थलों, 5 तख्त साहिबों और पाकिस्तान के कई गुरुद्वारों के मॉडल भी बनाए हैं। गुरप्रीत सिंह ने कहा, “मेरा मुख्य उद्देश्य सिख इतिहास को दुनिया भर में फैलाना है ताकि हर पीढ़ी इससे जुड़ सके। मैं देश के गुरुद्वारों से अपील करता हूं कि वे भी इस तरह के मॉडल बनवाकर नगर कीर्तन में सजाएं, ताकि नई पीढ़ी इतिहास से परिचित हो सके।” उन्होंने गुरु साहिबों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें इस सेवा का अवसर पाकर गर्व महसूस हो रहा है। यह पहल न केवल सिख इतिहास को संरक्षित करने में मददगार है, बल्कि युवा पीढ़ी में धार्मिक और सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने का अनोखा उदाहरण भी है।


