दौसा के लालसोट में सांप के डसने से दो बहनों की मौत हो गई। दोनों बहने घर में सो रही थी। मंगलवार सुबह अचानक दोनों बहनें चिल्लाई तो पिता ने दोनों को संभाला। बच्चियों ने बताया कि उन्हें सांप ने डसा है। पिता दोनों को मंडावरी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से लालसोट रेफर करने के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना महारिया गांव की बाड़ी की ढाणी की है। बच्चियों के चिल्लाने पर पिता की आंख खुली बच्चियों के पिता जमनालाल मीणा ने बताया- सोमवार रात को दोनों बेटियां अर्चना (7) और तनुष्का (5) और बेटा रात में खाना खाने के बाद मां के साथ कच्चे घर में चारपाई में सो गए। सुबह करीब 6 बजे अचानक दोनों बेटियां चिल्लाई तो मैंने बच्चियों से कारण पूछा। उन्होंने बताया कि किसी जहरीले जीव ने काट लिया है। तभी पास में ही सांप दिखा। मैं तुरंत बच्चियों को मंडावरी उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। साथ ही सांप को पकड़ने के लिए रेस्क्यू टीम को सूचना दी। मंडावरी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने लालसोट जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में बच्चियां बेसुध हो गई। लेकिन जब हम लालसोट अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। कच्चे घर में रहता है परिवार थाने के एएसआई कैलाश मीणा ने बताया कि मेडिकल टीम से दोनों बच्चियों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मामला मर्ग में दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जमनालाल मीणा मजदूरी करता है। वह अपने परिवार के साथ कच्चे घर में रहता है।


