नीमच में मंगलवार को सोंधिया राजपूत समाज ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन ग्राम रेवली देवली में एक स्कूल में हुई घटना के बाद किया गया। अखिल भारतीय सोंधिया राजपूत महासभा के बैनर तले हजारों लोगों ने बाइक और कारों पर सवार होकर रैली निकाली। रैली दशहरा मैदान से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शिवाजी सर्कल पहुंची। वहां एसडीएम संजीव साहू को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। रेवली देवली में छात्रों का विवाद और सामाजिक तनाव रेवली देवली के एक स्कूल में छात्रों के बीच विवाद हो गया था, जिसमें एक छात्र गंभीर रूप से लापता हो गया। इस घटना के विरोध में पिपलिया नाथावत और रेवली देवली के ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर नीमच-मनासा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया और अपनी मांगें प्रशासन के सामने रखीं। प्रशासन ने मारपीट में शामिल दो छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और कुल 7 छात्रों को स्कूल से निलंबित कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया। फिर शनिवार को गुर्जर समाज के लोग भी सड़कों पर उतरे और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रशासन ने एफआईआर वाले दो छात्रों को छोड़कर बाकी पांच छात्रों का निलंबन वापस ले लिया। लेकिन इसी मामले में सोशल मीडिया पर कुछ गुर्जर समाज के युवकों ने राजपूत समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की। इसको लेकर आज बड़ी संख्या में राजपूत समाज के लोग सड़कों पर उतर आए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने प्रशासन को 5 दिन का समय दिया। उन्होंने कहा कि इस अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर समाज उग्र आंदोलन करेगा। इस दौरान प्रदेश सचिव मनोहर सिंह, कमल सिंह, वीरेंद्र सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। रैली में जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष अनिल सिंह परिहार और युवा संगठन के जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह तंवर समेत कई वरिष्ठ सदस्य शामिल हुए।


