हरिकथा रथ यात्रा का शुभारंभ, गांव-गांव पहुंचेगा धर्म संदेश:6 महीने तक जिले में घूमेगा रथ, रामकथा और धार्मिक कहानियों से जागेगी आस्था

चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट चौराहे पर बुधवार को एकल अभियान के हरिकथा रथ का शुभारंभ हुआ। सहकारिता मंत्री गौतम दक और स्थानीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने केसरिया ध्वज दिखाकर रथ को रवाना किया। यह रथ आने वाले छह महीनों तक चित्तौड़गढ़ जिले के अलग-अलग गांवों में घूमकर धर्म, संस्कार और समाजिक जागरण का संदेश देगा। चित्तौड़गढ़ समेत 12 जिलों के लिए सातवां रथ रवाना एकल अभियान के प्रांतीय अधिकारी प्रहलाद प्रजापत और मनोज वैष्णव ने बताया कि संगठन पंचमुखी शिक्षा के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का काम करता है। इसी के तहत राजस्थान में सात हरिकथा रथ चलाए जा रहे हैं। ये रथ सुदूर गांवों तक जाकर रामकथा और अन्य धार्मिक कथाओं के जरिए लोगों में संस्कार और धर्म के प्रति आस्था जगाते हैं। अब चित्तौड़गढ़ और 12 अन्य जिलों के लिए सातवां हरिकथा रथ रवाना किया गया है। रथ को रवाना करने के मौके पर सहकारिता मंत्री गौतम दक, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, विभाग संघ चालक हेमंत जैन, प्रांत संयोजक धर्मपाल गोयल, विभाग कार्यवाह दिनेश भट्ट और महिला समिति अध्यक्ष संगीता मंडाना मौजूद रहे। सभी ने भगवा झंडा दिखाकर रथ को शुभकामनाओं के साथ आगे बढ़ाया। धर्म और समाज जागरण के लिए जरूरी है अभियान मंत्री गौतम दक ने इस मौके पर कहा कि यह अभियान धर्म और समाज जागरण के लिए बहुत जरूरी है। यह रथ हर गांव में जाकर लोगों को उनके कर्तव्यों और संस्कारों की याद दिलाएगा। उन्होंने कहा कि संघ द्वारा बताए गए पंच प्रण—कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य और समाज में समरसता—को आत्मसात करने से समाज मजबूत बनेगा। मंत्री दक ने कहा कि धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन, लव जिहाद और तुष्टिकरण जैसे प्रयास समाज को कमजोर कर रहे थे। इसी पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार ने विधानसभा में विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन बिल पारित किया है। इसमें सजा का भी प्रावधान है, जिससे जबरन धर्म परिवर्तन जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री और सभी विधायकों का धन्यवाद किया। हरिकथा रथ से गांव-गांव पहुंचेगा संस्कारों का संदेश अपने संबोधन में मंत्री दक ने केंद्र सरकार की नीतियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में जीएसटी में राहत दी है, जिससे बाजारों में रौनक बढ़ी है। व्यापारी और मध्यम वर्गीय परिवार इसे एक उपहार मानकर धन्यवाद दे रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरिकथा रथ अभियान के जरिए धर्म, संस्कार और जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचेगा और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा। यह रथ अब आने वाले दिनों में गांव-गांव जाकर लोगों को धर्म, कर्तव्य और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करेगा। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में भी धार्मिक चेतना और सामाजिक एकता मजबूत होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *