रायपुर में हेरा फेरी फिल्म के स्टाइल में 5 करोड़ की ठगी हुई है। ठग ने 100 दिन में पैसा डबल करने का झांसा दिया। जिसके बाद दो दर्जन से ज्यादा लोगों ने पैसा इन्वेस्ट कर दिया। ठग ने लोगों से वादा किया कि वह इंटरनेशनल कोर्स करके आया है, कहीं नहीं भागेगा। लेकिन 100 दिन पूरे होने के बाद आरोपी रुपए देने के लिए टालमटोल करने लगा। फिर मोबाइल बंद करके फरार हो गया। इस मामले में करीब दो दर्जन पीड़ितो ने टिकरापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी महंगे होटलों में सेमिनार करता था। जिसमें वह अमीर बनने के लिए मोटिवेट भी करता था। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में FIR दर्ज कर तलाश में जुट गई है। अब जानिए पूरा मामला… अनवर मोहम्मद निवासी रायपुर ने पुलिस थाने में शिकायत दी। जिसमें बताया कि 9 महीने पहले सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से ए स्क्वायर ग्लोबल कंसलटेंसी कंपनी के बारे में पता चला। कंपनी के 100 दिन में रकम दुगुना करने के योजना के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद कंपनी के MD अनिरुद्ध दलवी निवासी बेलगाम कर्नाटक के बारे में पता चला। अनिरुद्ध अलग-अलग शहरों में जाकर पैसे दोगुना करने की स्कीम बताता है और ट्रेडिंग के संबंध में जानकारी देता है। महंगे होटल में होता था सेमिनार अनवर ने आगे बताया कि अनिरुद्ध दलवी भिलाई स्थित अमित पार्क इंटरनेशनल होटल में बैठक के लिए आने वाला है। वहां सेमिनार में उसकी अनिरुद्ध से मुलाकात हुई। जहां अनिरुद्ध ने बताया कि वह 17 साल पहले इंटरनेशनल मार्केट में टेक्निकल एनालिसिस का कोर्स किया था। अपनी टीम के साथ मिलकर वह फंड मैनेजमेंट का काम करता है। अब तक उसने 6000 करोड़ से अधिक रुपए का फंड मैनेज किया है। इस दौरान आरोपी ने कहा कि वह ICICI बैंक कर्नाटक में फंड मैनेजर के रूप में काम कर चुका है। 100 करोड़ की लाइव ट्रेडिंग भी दिखाया आरोपी ने अनवर को एक डीमैट खाता दिखाया। जिसमें 100 करोड रुपए से अधिक इक्विटी थी और लाइव ट्रेडिंग चल रही थी। अनिरुद्ध ने अपनी पूरी योजना लिखित में बताई। फिर कहा कि आपकी जमा की गई राशि में 2% प्रतिदिन के हिसाब से ब्याज मिलेगा। जो 100 दिन बाद तक 200% हो जाएगा। आरोपी ने कहा कि उसे दोगुना पैसा मिलेगा। फिर उसने भरोसा दिलाया कि पैसा सुरक्षित रहेगा और वह कंपनी बंद करके कहीं नहीं भागेगा। रायपुर के एक कैफे में की मुलाकात कुछ दिनों बाद आरोपी ने अनवर से रायपुर के भाठागांव स्थित केरला कैफे में मुलाकात की। जहां रोटी की बातों पर भरोसा करके 5 अप्रैल को अनवर ने 5 लाख 40 हजार रुपए उसके कंपनी ए स्क्वायर ग्लोबल कंसलटेंसी के बैंक अकाउंट में डाल दिए। आरोपी ने पीड़ित को विश्वास में लेने के लिए उसे 30 हजार रुपए बैंक खाते में वापस भेज दिया। अपने दोस्तों से भी करवाया इन्वेस्ट अनवर ने अपने परिचित व्यास कश्यप निवासी जांजगीर से भी रुपया इन्वेस्ट करवा दिए। व्यास ने 2 लाख और 7 लाख 84 हजार रुपए के दो किस्त में करीब पौने 10 लाख रुपए कंपनी के खाते में जमा किया। फिर अनवर के कई अन्य परिचित नीरज कुमार शर्मा निवासी रायपुर, चतुर देवांगन, विवेक श्रीवास, रविंद्र पटेल और कई अन्य लोगों से रुपए इन्वेस्ट किए। इनमें से कई व्यक्ति झारखंड और आंध्र प्रदेश के भी रहने वाले हैं। सिक्योरिटी के लिए जमीन देने की की बात आरोपी इतना शातिर था कि उसने लोगों को विश्वास दिलाने के लिए पैसे के बदले सिक्योरिटी भी देने की बात कही। उसने कहा कि आपके इन्वेस्टमेंट की सेफ्टी के लिए रायपुर भिलाई भुवनेश्वर और अन्य स्थानों पर जमीन के एग्रीमेंट और चेक दिया जाएगा। जिससे रुपए नहीं मिलने पर यह सिक्योरिटी के तौर पर रहेगा। 2 दर्जन लोगों ने करीब 5 करोड रुपए किया जमा 100 दिन में रुपए डबल करने के लालच में करीब दो दर्जन से ज्यादा लोगों ने 5 करोड रुपए कंपनी में इन्वेस्ट कर दिए। लोगों ने जनवरी 2025 अप्रैल 2025 के बीच कैश और ऑनलाइन पेमेंट के माध्यम से रुपए दिए हैं। इस बीच लगातार आरोपी रायपुर भिलाई विशाखापट्टनम और संबलपुर में सेमिनार आयोजित करता रहता था। जिसमें वे लोगों को अमीर बनने के लिए मोटिवेट भी करता था। पैसे मांगने पर टालमटोल किया शुरू अप्रैल 2025 के बाद जब पीड़ित अनिरुद्ध से पैसे वापस मांगने लगे। तो उसने टालमटोल शुरू कर दी। वह कंपनी के कभी सॉफ्टवेयर अपडेट, कभी वेबसाइट हैकिंग और कभी ट्रेडिंग खाता में अमाउंट नहीं होने जैसे अलग-अलग बहाने देता था। उसने पैसे वापस करने के लिए लोगों को गुमराह करना शुरू कर दिया। फिर अचानक अपना मोबाइल बंद करके फरार हो गया। इसके बाद पीड़ित लोगों ने पुलिस थाने में जाकर शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस अधिकारी बोले-जांच जारी इस मामले में रायपुर पश्चिम ASP दौलत राम पोर्ते ने कहा कि आरोपी ने प्रतिदिन 2% ब्याज देने का झांसा देकर लोगों से पैसे वसूल किए हैं। इसमें पीड़ित लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। इसके बाद इस मामले में आरोपी की तलाश शुरू की गई है। जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।


