अनूपगढ़ विधायक अधिकारियों से बोली-‘जुलूस निकाल दूंगी’:बैठक में सिंचाई विभाग के जेईएन से कहा-‘आपके विभाग ने घोटाला किया’

कांग्रेस विधायक ने बैठक में सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जुलूस निकालने की धमकी दे डाली। मामला श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ का है। जहां कांग्रेस विधायक शिमला नायक पंचायत समिति की साधारण सभा की हो रही बैठक में हिस्सा ले रहीं थीं। इस दौरान विधायक ने सिंचाई विभाग पर कांग्रेस-बीजेपी में भेदभाव करने का आरोप लगाया। विधायक ने कहा-राजस्थान सरकार ने 256 खालों (खेत के साइड में बनने वाले छोटे नाले) के निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपए का बजट जारी किया था। इसमें से 100 करोड़ रुपए अनूपगढ़ क्षेत्र के लिए थे। मगर विभाग ने उनके बताए गए गांवों में एक भी खाला नहीं बनाया। विधायक ने खालों के निर्माण में घोटाले का भी आरोप लगाया। दरअसल साधारण सभा की बैठक में विधायक सभी विभागों के अधिकारियों से बातचीत कर रहीं थीं। इस दौरान विधायक खाले निर्माण को लेकर मौके पर मौजूद सिंचाई विभाग के जेईएन अनुराग पर बरसी पड़ीं। बैठक में अधिकारियों को चेतावनी दी
विधायक ने कहा- 200 करोड़ में से आपने अनूपगढ़ को कितने दिए। 100 करोड़ अनूपगढ़ और 100 करोड़ रायसिंहनगर को देते। मगर बहुत बड़ा घोटाला आपके विभाग ने किया है। जनता के द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों की आपने तौहीन की है। मगर जब मैने विधानसभा में सवाल लगाया तो आपने विभाग ने जो डाटा दिया वो मैरे पास है। मैं आपको चेतावनी के साथ कहती हूं। आपने भेदभाव करते हुए बजट का वितरण किया तो मैं जुलूस निकाल दूंगी हाथों हाथ। पूरे मामले को लेकर सिंचाई विभाग के जेईएन अनुराग ने कहा कि खालों के निर्माण का निर्णय विभागीय कमेटी ने लिया था और उन्हें विस्तृत जानकारी नहीं है। इस दौरान सभा में जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया और पंचायत समिति प्रधान राधा डागला भी मौजूद थे। पंचायत समिति सदस्य भागीरथ शर्मा और राजेंद्र बिश्रोई ने भी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि विभाग जनप्रतिनिधियों से बिना पूछे काम करता है। पंचायत समिति सदस्यों ने रखीं समस्याएं
ग्राम पंचायत के सरपंचों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। ग्राम पंचायत 27 के सरपंच मनवीर सिंह ने जल जीवन मिशन के तहत समय पर काम पूरा करने की मांग की। ग्राम पंचायत 15 एलएम के प्रतिनिधि लखविंदर सिंह ने चक 17 एलएम के वाटर वर्क्स की समस्या बताई। ग्राम पंचायत 90 जीबी के सरपंच जरनैल सिंह ने नए खालों के निर्माण की मांग की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *