पीएम नरेंद्र मोदी के बांसवाड़ा दौर से पहले पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने उदयपुर के कन्हैयालाल टेलर के तालिबानी मर्डर में जांच की धीमी रफ्तार और दोषियों को सजा नहीं मिलने पर सवाल उठाए हैं। गहलोत ने एक्स पर लिखा- मेरा प्रधानमंत्री जी से सवाल है कि कन्हैयालाल के परिवार को न्याय दिलवाने में इतनी देरी क्यों हो रही है? ये अपराधी भाजपा कार्यकर्ता हैं क्या, इसलिए इनकी सजा में देरी हो रही है? ऐसा लगता है कि भाजपा राजनीतिक लाभ देखकर कार्रवाई करती है जबकि कांग्रेस यह देखती है कि अपराध किसने किया। यह तो बेहद घृणित कृत्य था।क्या कल प्रधानमंत्री राजस्थान की जनता को कन्हैयालाल और उनके परिवार के साथ न्याय का आश्वासन देंगे? कन्हैयालाल मर्डर के दोनों आरोपी भाजपा सदस्य थे
गहलोत ने लिखा- घटना के कुछ समय बाद जानकारी में आया कि इस हत्याकांड के दोनों मुख्य अपराधी भाजपा के सदस्य थे। सोशल मीडिया पर उनकी भाजपा जॉइन करते हुए तस्वीरें भी वायरल हुईं थी। ऐसा भी सामने आया था कि इस घटना से लगभग एक महीने पहले इनका अपने मकान मालिक से विवाद हुआ तो भाजपा के नेताओं ने पुलिस थाने में इनके लिए फोन किए थे। चुनावों में पीएम और गृह मंत्री ने 5 लाख मुआवजे का झूठ फैलाया
गहलोत ने लिखा- कन्हैयालाल साहू का परिवार उनके हत्याकांड के लगभग साढ़े तीन साल बाद भी न्याय का इंतजार कर रहा है। विधानसभा चुनावों के दौरान खुद प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने इसे मुद्दा बनाया था और सिर्फ 5 लाख रुपए मुआवजे का झूठ फैलाया। जबकि सच ये था कि राजस्थान पुलिस ने केवल 4 घंटों में अपराधियों को पकड़ लिया था और पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए का मुआवजा दिया था। ये भी पढ़ें- 4 महीने में दूसरी बार राजस्थान आ रहे पीएम मोदी:जनसभा को करेंगे संबोधित, 1 लाख 8 हजार 468 करोड़ के विकास कार्यों की देंगे सौगात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार महीने में दूसरी बार राजस्थान आ रहे हैं। वे गुरुवार को बांसवाड़ा के नापला में जनसभा को संबोधित करेंगे। वे यहां से राजस्थान में करीब 1 लाख 8 हजार 468 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)


