दिल्ली में केंद्रीय मंत्रीमंडल ने रेल कर्मचारियों को 78 दिनों के उत्पादकता से जुड़े बोनस की घोषणा बुधवार दोपहर की। इस पर वेस्टर्न रेलवे के रतलाम रेल मंडल ने रात तक रेल कर्मचारियों के खातों में बोनस की राशि रिलीज कर दी। राशि रिलीज करने में भारतीय रेलवे में रतलाम रेल मंडल सबसे आगे रहा है। स्वीकृति के बाद रतलाम रेल मंडल के अधिकारी रेल कर्मचारियों के खाते में बोनस की राशि पहुंचाने के लिए अपने काम में जुट गए। रात 9 बजे तक बोनस की राशि रेल कर्मचारियों के खाते में रिलीज कर दी। 21 करोड़ का बोनस बंट चुका
रतलाम रेल मंडल में रात तक 12292 कर्मचारियों को 21 करोड़ 55 लाख 84 हजार 623 रुपए का बोनस बंट चुका है। प्रत्येक पात्र रेल कर्मचारी को बोनस की राशि 17 हजार 951 मिलेगी। हर साल दुर्गा पूजा, दशहरा की छुट्टियों के पहले रेलवे बोनस जारी करती है। बाजार के लिए अच्छी खबर
समय से पहले बोनस मिलने पर इसका असर त्योहार के समय बाजार में भी देखने को मिलेगा। यह बोनस न केवल कर्मचारियों के लिए राहत देगा बल्कि बाजार के लिए भी अच्छी खबर है। दुकानदार और कारोबारी दीवाली के दौरान ज्यादा डिमांड की उम्मीद कर रहे हैं, खासकर हाल ही में जीएसटी में की गई कटौती के बाद उनकी उम्मीद बढ़ गई है। रतलाम रेल मंडल डीआरएम अश्वनी कुमार ने बताया केंद्रीय मंत्रीमंडल द्वारा बोनस की स्वीकृति दी है। रात तक हमने राशि रिलीज कर दी है। राशि रिलीज करने में रतलाम रेल मंडल सबसे आगे रहा है। देश के 10 से ज्यादा कर्मचारियों को लाभ मिलेगा
पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रीमंडल ने बुधवार को स्वीकृति दी। इसमें 10 लाख 91 हजार 146 रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों के उत्पादकता से जुड़े बोनस (पीएलबी) के रूप में 1865 करोड़ 68 लाख रुपए के भुगतान करने पर सहमति बनी। स्वीकृति मिलते ही रेल कर्मचारियों में दशहरे व दीपावली के पूर्व बोनस राशि मिलने की उम्मीद जागी।


