लखनऊ में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का एक्शन लगातार जारी है। एलडीए ने मोहनलालगंज में पद्मजा डेवलपर्स की 60 बीघा जमीन पर चल रही अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलवा दिया। इसके साथ ही गोमती नगर के विभूति खंड में बनाए जा रहे टाइम्स स्क्वॉयर समेत दो अवैध कॉमर्शियल निर्माणों को दोबारा सील कर दिया गया। सड़क, नाली और बाउंड्री वॉल तक बन चुकी थी जोन-2 के जोनल अधिकारी विराग करवरिया ने बताया कि पद्मजा इन्फ्रा बिल्ड प्राइवेट लिमिटेड के राजीव सिंह, राम प्रताप सिंह और अन्य डेवलपर्स द्वारा मोहनलालगंज के अतरौली गांव में रेलवे क्रॉसिंग के पास करीब 60 बीघा जमीन पर बिना किसी ले-आउट स्वीकृति के अवैध कॉलोनी बसाई जा रही थी। मौके पर सड़क, नाली और बाउंड्री वॉल समेत कई स्थायी निर्माण हो चुके थे। एलडीए की टीम ने इन्हें बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त कर दिया। टाइम्स स्क्वॉयर समेत दो निर्माणों को दोबारा किया गया सील जोन-1 की जोनल अधिकारी संगीता राघव के मुताबिक, गोमती नगर के विभूति खंड में भूखंड संख्या B-98A पर मो. तौफीक और मो. तौसीफ द्वारा करीब 990 वर्ग मीटर में टाइम्स स्क्वॉयर नाम से एक कॉमर्शियल बिल्डिंग बनाई जा रही थी। वहीं भूखंड संख्या B-78 पर अर्चना वर्मा और अन्य द्वारा 243 वर्ग मीटर में व्यावसायिक भवन का निर्माण चल रहा था। दोनों ही निर्माण एलडीए से स्वीकृत मानचित्र के खिलाफ थे। इन्हें पहले भी सील किया गया था। कोर्ट से पुनः सीलिंग का आदेश मिलने के बाद LDA प्रवर्तन टीम ने बुधवार को दोनों इमारतों को फिर से सील कर दिया।


