लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने गोमती नगर के वीआईपी इलाके में स्थित सहारा बाजार कॉम्प्लेक्स को बेचने की प्रक्रिया एक बार फिर तेज कर दी है। बुधवार को इसकी ई-नीलामी की अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह नीलामी 10 नवंबर को आयोजित होगी, जिसके लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 30 साल की लीज खत्म, अब जमीन फ्री होल्ड में बिकेगी विभूति खंड स्थित यह कॉम्प्लेक्स, वेव मॉल के पास है, जिसे एलडीए ने 9 जनवरी 1987 को 30 साल की लीज पर सहारा हाउसिंग कॉरपोरेशन को दिया था। यह लीज 9 जनवरी 2017 को समाप्त हो गई, लेकिन कंपनी ने इसका नवीनीकरण नहीं कराया। मामला लंबे समय तक लटका रहा, लेकिन इस साल मई 2025 में एलडीए ने लीज निरस्त कर परिसर पर कब्जा लेने का आदेश दिया। इसके बाद जून 2025 में कुछ विरोध के बावजूद कॉम्प्लेक्स पर कब्जा ले लिया गया। अब इसे खुले बाजार में बेचने की तैयारी है। खरीददार तोड़कर कर सकेंगे नया निर्माण एलडीए अधिकारियों के अनुसार, सहारा बाजार कॉम्प्लेक्स की हालत अब जर्जर हो चुकी है। इसमें करीब 150 दुकानें बनी हैं। जो खरीदार इसे खरीदेंगे, वे चाहें तो कॉम्प्लेक्स को तोड़कर नया व्यावसायिक निर्माण कर सकते हैं। एलडीए ने यह भी साफ किया है कि जमीन को फ्री होल्ड किया जाएगा, जिससे भविष्य में लीज या स्वामित्व से जुड़ी कोई कानूनी उलझन नहीं रहेगी। साथ ही, भू-उपयोग पूरी तरह व्यावसायिक है, जिससे निर्माण कार्य में कोई बाधा नहीं आएगी। कानूनी अड़चन की संभावना नहीं कॉम्प्लेक्स में दुकान चलाने वाले कुछ लोगों ने इस फैसले के खिलाफ न्यायालय का रुख किया था, लेकिन अदालत ने कोई स्थगन आदेश जारी नहीं किया। सिर्फ उनकी आपत्तियाँ सुनने की बात कही गई थी। ऐसे में एलडीए को भरोसा है कि नीलामी प्रक्रिया में कोई कानूनी अड़चन नहीं आएगी। सहारा बाजार कॉम्प्लेक्स: एक नजर में स्थान – विभूति खंड, गोमती नगर, वेव मॉल के पास क्षेत्रफल – 4741 वर्ग मीटर लीज प्रारंभ – 09 जनवरी 1987 लीज समाप्त – 09 जनवरी 2017 लीज निरस्तीकरण – 03 मई 2025 नीलामी तिथि – 10 नवंबर 2025 नीलामी मोड – ई-नीलामी


