भास्कर न्यूज | पण्डरिया लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना ने अपने कार्य क्षेत्र के नॉन-शेयरधारक कृषकों के लिए क वर्ग के शेयरधारी सदस्यता वितरण का निर्णय लिया है, जिन्होंने पेराई सत्र 2024-25 में गन्ना का विक्रय कारखाना पण्डरिया में किया हो और आगामी पेराई सत्र 2025-26 के लिए अपने गन्ने का सर्वे क्षेत्र सहायकों के माध्यम से कराया हो। नॉन-शेयरधारक कृषक, जिनके लिए यह निर्णय लागू है, उन्हें सदस्यता फॉर्म जमा करना अनिवार्य होगा। फार्म की जांच के उपरांत, प्रति शेयर सदस्यता शुल्क 2,000 रुपए एवं प्रवेश शुल्क 100 रुपए जमा करना होगा। राशि कारखाना के कार्यालयीन समय में जमा कराई जाएगी। शेयर सदस्यता फार्म एवं प्रक्रिया से संबंधित जानकारी अपने क्षेत्र के क्षेत्र सहायकों से संपर्क करके प्राप्त की जा सकती है। क वर्ग के शेयरधारी सदस्य बनने के लिए आवश्यक दस्तावेज में सदस्यता फार्म, आधार कार्ड की छायाप्रति, गन्ने के खेत की बी-1 और पी-2 की छायाप्रति, 2025-26 के सर्वे पत्रक की छायाप्रति, सदस्य का वर्तमान पासपोर्ट फोटो, शपथ पत्र/घोषणा पत्र आदि जमा करना होगा।


