उर्दू शिक्षक बोले-आ​लि​म-फा​जिल की डिग्री जैक देता है, इस पर सवाल गलत

रांची झारखंड राज्य उर्दू शिक्षक संघ ने उर्दू टेट ( कक्षा 6–8) पास अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया में हो रही देरी पर आपत्ति जताई है। महासचिव अमीन अहमद ने उर्दू टेट पास अभ्यर्थियों की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री व विभागीय अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि उर्दू विषय के अभ्यर्थियों का अभी तक काउंसलिंग नहीं होने से अभ्यर्थी निराश और हताश हैं। उन्होंने विधि विभाग द्वारा आलिम और फाजिल को लेकर की गई टिप्पणी का विरोध किया है। कहा कि वर्ष 2006 की अधिसूचना ( 3233/06) के तहत झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) ने इन डिग्रियों को मान्यता प्रदान की थी। इससे पहले जेएसएससी ने 2023 की अधिसूचना के तहत आलिम और फाजिल डिग्री धारक प्रशिक्षित स्नातक शिक्षकों की नियुक्ति की है। इसके बावजूद अब इन्हीं डिग्रियों पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण और भेदभाव है। संघ ने आलिम व फाजिल डिग्रियों को मान्यता देने वाली 2006 की अधिसूचना का सख्ती से पालन करने की मांग की है। उर्दू विषय से पास अभ्यर्थियों की फाइनल लिस्ट जेएसएससी से जारी करने मांग की है। वहीं विधि विभाग की टिप्पणी को निरस्त करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में एनामुल हक, शाहिद अनवर, मो फखरुद्दीन और शहज़ाद अनवर समेत अन्य थे। संघ के केंद्रीय महासचिव अमीन अहमद और प्रवक्ता शहज़ाद अनवर ने कहा कि यदि शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया तो संघ राज्यव्यापी आंदोलन को बाध्य होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *