बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दवाब का क्षेत्र एक बार फिर एक्टिव हो गया है। इसका असर झारखंड पर भी दिखेगा। मौसम विभाग ने बुधवार को रांची सहित अन्य जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी, लेकिन पूरे दिन मौसम साफ रहा। हालांकि, देर रात 10.30 बजे के बाद मौसम में बदलाव हुआ। इसके बाद कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। बारिश और तेज हवा की वजह से कई क्षेत्रों में बत्ती गुल हो गई। मौसम विभाग ने 25 से 30 सितंबर तक कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि इस बार दुर्गा पूजा में बारिश होने की संभावना है। क्योंकि, बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर का नया सिस्टम बन रहा है। इस वजह से 30 सितंबर तक कई बार हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं तेज हवा के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी।


