भास्कर न्यूज | जालंधर एपीजे कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स के हिंदी विभाग की ओर से हिंदी सप्ताह का वार्षिक समारोह बुधवार को संपन्न करावाया। इस अवसर पर हिंदी भाषा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और इसके महत्व को उजागर करने के लिए विविध कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं करवाईं गईं। सप्ताहभर विद्यार्थियों ने कविता पाठ प्रतियोगिता, कहानी लेखन व वाचन, वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध लेखन, स्लोगन लेखन और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। समारोह का शुभारंभ प्राचार्या डॉ. नीरजा ढींगरा ने किया। संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने विभागाध्यक्ष डॉ. अमिता मिश्रा के मार्गदर्शन में तैयार भजन की प्रस्तुति दी। प्राचार्य ने कहा कि “हिंदी केवल एक भाषा नहीं, यह हमारी संस्कृति, हमारी पहचान और हमारी आत्मा की अभिव्यक्ति है। यह हमारा कर्तव्य है कि हम इसके प्रचार-प्रसार में अपना योगदान दें।” हिंदी विभाग की प्रभारी डॉ. अंजना खन्ना ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, “ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में न केवल भाषा के प्रति प्रेम जगाते हैं, बल्कि उनके अभिव्यक्तिपूर्ण कौशल और सृजनात्मकता को भी निखारते हैं।”


