प्रेम में धोखा मिला तो प्रेमी ने प्रेमिका के बेटे का अपहरण कर लिया। पंजाब से 1050 किमी दूर प्रयागराज लेकर भाग आया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने सर्विलांस से लोकेशन ली। इसके बाद लगातार पीछा करते हुए पंजाब पुलिस ने प्रयागराज में शिवकुटी के आलू मिल तिराहे से किडनैपर को दबोच लिया। बच्चा सुरक्षित मुक्त करा लिया गया और आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया गया। कुछ देर में पंजाब पुलिस ट्रांजिट रिमांड के लिए कोर्ट में पेश करेगी। प्रेमिका से मिला धोखा, तो बेटे को बनाया निशाना
गिरफ्तार आरोपी फराहान सिद्दीकी प्रयागराज के औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पंजाब के मोगा जिले में एक स्कूल में काम करता था। वहीं एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की पत्नी से उसका अफेयर शुरू हुआ। आरोपी महिला को लेकर कुछ समय पहले प्रयागराज भी आया था, जहां वह उसके साथ करीब 20 दिन रही। इसके बाद महिला लौट गई और फिर उसके साथ आने से मना कर दिया।
गुस्से में उसने महिला के 13 साल के बेटे सार्थक महाजन का अपहरण कर लिया और उसे लेकर सीधे प्रयागराज चला आया। अपहरण के बाद उसने बच्चे की मां से फोन पर कहा, कि यदि उसके साथ वह नहीं आई तो उसके बेटे को मार देगा। बच्चे के अपहरण से मचा हड़कंप
सोमवार सुबह मोगा जिले के धर्मकोट थाना क्षेत्र से सार्थक लापता हुआ। परिजनों ने जब बच्चे को खोजा, नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। जांच का जिम्मा पंजाब पुलिस के उपनिरीक्षक लखविंदर सिंह को मिली। तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर पुलिस को पता चला कि बच्चा उत्तर प्रदेश ले जाया गया है। तुरंत टीम रवाना हुई और सीधे प्रयागराज पहुंच गई। आलू मिल तिराहे पर घेराबंदी कर दबोचा
शिवकुटी थाना क्षेत्र के आलू मिल तिराहे पर जैसे ही आरोपी की कार दिखी, पंजाब पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से घेराबंदी कर ली। कार रुकवाने के दौरान कुछ देर अफरातफरी जरूर हुई, लेकिन टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को काबू कर लिया। बच्चा पूरी तरह सुरक्षित मिला। उसे मेडिकल जांच के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। अब ट्रांजिट रिमांड पर जाएगा पंजाब
गिरफ्तार फरहान सिद्दीकी को शिवकुटी थाने में रखा गया है। कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब ले जाया जाएगा। एसीपी सिविल लाइंस कृतिका शुक्ला ने बताया कि आरोपी को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे पंजाब भेजा जाएगा। फरहान पर अपहरण, फिरौती की मांग और साइबर क्राइम की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।


