भास्कर न्यूज | राजनांदगांव प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत जिले में गर्भवती महिलाओं को गुणवत्ता पूर्ण प्रसव पूर्व देखभाल उपलब्ध कराने हर माह 9, 24 तारीख़ को स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहें है। 24 सितंबर को भी स्वास्थ्य केन्द्रों में शिविर का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की निशुल्क जांच, इलाज एवं परामर्श प्रदान करना है। उन महिलाओं की जांच की जाती है जिनका पहला प्रसव ऑपरेशन से हुआ हो, पहले गर्भपात या मृत शिशु का जन्म हुआ हो। जिनका वजन व उंचाई कम हो, कम उम्र में गर्भधारण किया हो, गंभीर एनीमिया, उच्च रक्चाप, मधुमेह या किसी अन्य गंभीर बीमारी से ग्रसित हो। उक्त महिलाओ को सोनोग्राफी जांच कराने सलाह दी गई। गर्भवती महिलाओं की निदानिक स्थिति के अनुसार उचित देखभाल संभव हो सकी। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एलबी नगर में डॉ अनुपमा अस्थाना (प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तुमड़ीबोड में डॉ. लक्ष्मी बग्गा (प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ) ने गर्भावस्था की दूसरी और तिमाही में सभी उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य जांच कर परामर्श दिया। निरीक्षण दल में डॉ. नेतराम नवरतन सीएमएचओ, डॉ. अल्पना लूनिया, संदीप ताम्रक्रार, डॉ स्नेहा जैन, डॉ विकास राठौर, डॉ निहारिका टोपनो, वंदना कोसरिया, नूतन साहू, रहिशा बेगम ने निरीक्षण किया।


